समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट : वृंदावन ट्रस्ट के सरंक्षक विकास गोयल और चुलकाना मंदिर सेवा समिति के प्रधान रोशन लाल ने बताया कि ट्रस्ट के पदाधिकारी ने यात्रा निकालने से पहले चुलकाना धाम पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन किए और यात्रा को सफल बनाने के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। वृंदावन ट्रस्ट की ओर से इस बार चुलकाना धाम तक 12वीं भव्य पैदल ध्वजा यात्रा निकाली जा रही है। 30 हजार से अधिक भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। खास बात ये है कि इस बार पूर्वांचलियों का भी यात्रा में विशेष योगदान रहेगा।
ट्रस्ट के प्रधान राकेश बंसल और सचिव हरिश बंसल ने बताया कि वीर बर्बरीक ने फाल्गुन महीने की शुक्ल पक्ष की द्वादशी को अपना शीश उतार कर भगवान के श्री चरणों में सौंप दिया था और भगवान ने तुरंत शीश उठाकर देवियों का आह्वान करके अमृत से सींचा था। जहां दिया था शीश का दान, वो भूमि है चुलकाना धाम। भगवान श्री कृष्ण के वरदान फलस्वरूप चुलकाना धाम में ठाकुर श्री श्याम बाबा मन्दिर की स्थापना हुई। पहले यहां भक्तों की भीड़ हजारों में होती थी, आज हर महीने लाखों में होती हैं, आने वाले समय में करोड़ों में होगी।

वहीं पूर्व सरपंच मदन लाल शर्मा ने बताया कि वीर बर्बरीक के शीश दान करने के बाद इसी धरा पर देवियों का भगवान श्री कृष्ण ने आह्वान किया और वीर बर्बरीक के शीश को अमृत से सींचवाया। भगवान श्री कृष्ण की अनुकम्पा से वीर बर्बरीक के
अमृत से सींचे हुए उस शीश का एक अंश उसी समय श्री चुनकट ऋषि की तपोभूमि पर गिर गया था, जो कालान्तर में श्याम नाम से विख्यात हुआ। जहां हर वर्ष लाखों भक्त पूजा अर्चना के लिए आते हैं।

फाल्गुन मास में पहुंचते है लाखों श्रद्धालु
श्री श्याम बाबा का प्राचीन सिद्व मन्दिर हरियाणा के पानीपत जिले के चुलकाना गांव में स्थित है। जहां हर वर्ष फाल्गुन मास में शुक्ल पक्ष की एकादशी व द्वादशी को लाखों श्रदालु दर्शन करने के लिए आते हैं। इस मौके पर मोहित तिवारी, पप्पू शर्मा, अमित सनोली, निरंजन, संदीप गिरिवदेश, अवधेश श्रीवास्तव, सुशील ठाकुर, रवि मिश्रा, पिरेये, व्रत सिंह, राजू श्रीवास्तव, दयानंद यादव, चंदन चौहान मधु शुक्ला, राम बालक, जयप्रकाश मिश्रा, राहुल भूमिहार आदि मौजूद रहे।

पैदल ध्वजा यात्रा में 1100 पूर्वांचली भी लगाएंगे जयकारे
वहीं 1100 से अधिक पूर्वांचलियों ने इस यात्रा में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। ट्रस्ट के संरक्षक विकास गोयल ने बताया कि आइबीएम अस्पताल पूर्वांचलियों का नेतृत्व कर रहl हैं। हाल ही में समस्त पूर्वांचल समाज ने दस दिवसीय श्रीराम कथा कराई थी, जिसमें अंतिम दिन बागेश्वर धाम तीर्थ से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहुंचे थे। हजारों लोगों ने श्रीराम कथा सुनी। अब पूर्वांचल समाज के लोग खाटू श्याम यात्रा में भी शामिल हो रहे हैं। इसी से सहज अनुमान लगा सकते हैं कि पानीपत के प्रत्येक समाज, वर्ग और धर्म से लोगों की खाटू श्याम के प्रति आस्था कितनी बढ़ती जा रही है।

