हरियाणा के रेवाड़ी में सरकारी स्कूल में टॉयलेट की दीवार गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। साढ़े 3 फीट ऊंची ईंटों की दीवार भर-भराकर अचानक गिर गई, जिसके मलबे में बच्चा दब गया। परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जिला भरतपुर के गांव जनुथर निवासी लाखन सिंह काफी समय से धारूहेड़ा के गांव महेश्वरी स्थित गोयल कॉलोनी में रह रहा है। उसके तीन बच्चे है। बड़ा बेटा कृष्णा (12) महेश्वरी के राजकीय प्राथमिक मॉडल संस्कृति स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ता था। रोजाना की तरह गुरुवार को भी वह स्कूल गया हुआ था।
टॉयलेट के लिए गया था बच्चा
तीसरा पीरियड खत्म होने के बाद कृष्णा के अलावा अन्य बच्चे टॉयलेट के लिए गए थे। इसी दौरान करीब साढ़े 3 फीट ऊंची ईंटों की दीवार भर भराकर कृष्णा पर गिर गई। जिससे उसे गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद स्कूल में अन्य बच्चे सहम गए। बच्चे को तुरंत भिवाड़ी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही इसकी सूचना कृष्णा के पिता लाखन सिंह को दी गई।
इलाज के दौरान तोड़ा बच्चे ने दम
सूचना के बाद लाखन सिंह अपने साथियों के साथ तुरंत अस्पताल पहुंचा। कुछ देर बाद बच्चे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। लाखन सिंह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। लाखन ने आरोप लगाया कि हादसा स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुआ। सूचना के बाद सेक्टर-6 थाना पुलिस पहले स्कूल पहुंची और फिर अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने लाखन की शिकायत पर धारा 304ए के तहत केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।