हरियाणा में बुधवार रात से मौसम में बदलाव की संभावना है जिसमें तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है
16 अप्रैल की रात से 17 अप्रैल तक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहेगा, फिर मौसम रहेगा शुष्क
सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज
Haryana weather update: हरियाणा में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। बुधवार यानी 16 अप्रैल की रात से प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने जानकारी दी कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण यह बदलाव देखने को मिलेगा। मुख्य रूप से दक्षिण-पश्चिमी और उत्तरी हरियाणा में इसका असर रहेगा। हालांकि यह बदलाव अस्थायी रहेगा और 17 अप्रैल से 19 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम शुष्क हो जाएगा। इस दौरान तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है जिससे गर्मी के तेवर फिर उभर सकते हैं। मंगलवार को सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में औसतन तापमान में 0.3 डिग्री की वृद्धि हुई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम को देखते हुए कटाई और फसल भंडारण के कार्यों की योजना बनाएं क्योंकि 16-17 अप्रैल को हल्की बारिश से खेतों में नमी बढ़ सकती है। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी और गर्म हवाओं की स्थिति में बदलाव की संभावना है जिससे अगले कुछ दिनों में दोबारा तेज गर्मी महसूस की जा सकती है