● हरियाणा में 11-12 मार्च को तेज हवाओं के साथ बदल सकता है मौसम
● महेंद्रगढ़ में तापमान 32.3°C तक पहुंचा, फरीदाबाद-हिसार में भी गर्मी बढ़ी
● 9 से 13 मार्च तक बादल छाए रहेंगे, 14 मार्च को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा
Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम तेजी से करवट ले रहा है और मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 32.3°C तक पहुंच गया है, जबकि हिसार, फरीदाबाद और नारनौल में तापमान 31°C दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी बीते दो दिनों की गिरावट के बाद हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज रात से हरियाणा में मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा, जो अगले एक सप्ताह तक जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 9 से 13 मार्च तक राज्य में बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ ही, 11 और 12 मार्च को मध्यम से तेज गति की हवाएं चलने की संभावना है।
14 मार्च से फिर बदल सकता है मौसम
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 14 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आएगी। हालांकि, रात का तापमान बढ़ सकता है। इसके चलते मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
राज्य के किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम में होने वाले बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी फसल की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाएं।