Seat sharing between AAP and Congress in Haryana

Lok Sabha Elections 2024 : हरियाणा में आप को कांग्रेस ने दी कौन सी सीट, कौन होगा उम्मीदवार?

पंचकुला बड़ी ख़बर राजनीति हरियाणा

Lok Sabha Elections 2024 : कांग्रेस और आम आदमी पार्टी 5 राज्यों में मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इस गठबंधन का ऐलान आज दिल्ली में कांग्रेस और आप नेताओं ने मिलकर किया है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने (इंडिया गठबंधन) में एक साथ चुनाव लड़ने के लिए सीट बंटवारे का ऐलान कर दिया है। इस बीच सीट बंटवारे की घोषणा भी कर दी गई है। दोनों दलों ने नेताओं ने ऐलान किया है कि वह पंजाब को छोड़कर हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, गोवा और गुजरात में मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

इस दौरान कांग्रेस महासचिव एवं सांसद मुकुल वासनिक ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा और चंडीगढ़ की सीटों को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन हो गया है। भाजपा को शिकस्त देने के लिए दोनों पार्टियों ने यह फैसला लिया है कि हरियाणा की 10 सीटों में से 9 सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी, जबकि आम आदमी पार्टी सिर्फ एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। चंडीगढ़ सीट की बात करें तो यह भी कांग्रेस के खाते में गई है। वहीं हरियाणा की 10 सीटों में से एक सीट आम आदमी पार्टी के खाते में गई है। यह सीट कुरुक्षेत्र है। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी सुशील गुप्ता को इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतार सकती है।

लोस

बता दें कि वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 10 की 10 सीटों में जीत हासिल की थी। कुरुक्षेत्र सीट की बात करें तो यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने जीत हासिल की थी। नायब सैनी ने कांग्रेस के निर्मल सिंह को इस चुनाव में शिकस्त दी थी। नायब सिंह ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 6,88,629 वोट हासिल किए थे। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ को लेकर काफी चर्चा की गई। अंत में तय किया गया है कि चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ही चुनाव लड़ेंगे। ऐसा ही गोवा में विस्तारपूर्वक चर्चा के बाद तय किया गया है कि गोवा की दोनों सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार ही चुनाव लड़ेंगे।

Whatsapp Channel Join

आप कांग्रेस

इस दौरान कांग्रेस महासचिव एवं सांसद मुकुल वासनिक ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन के तहत दिल्ली 3-4 सीटों पर बंटवारा हुआ है। आम आदमी पार्टी दिल्ली में चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जिनमें नई दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और साउथ दिल्ली की सीट, जबकि कांग्रेस पार्टी चांदनी चौक, नॉर्थ ईस्ट और नॉर्थ वेस्ट की सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। इस दौरान आम आदमी पार्टी की ओर से संदीप पाठक, आतिशी और सौरभ भारद्वाज मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि गुजरात में 26 लोकसभा सीटें हैं। इनमें से 24 पर कांग्रेस और 2 सीटों पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मैदान में रहेंगे। जिनमें भरूच और भावनगर सीट शामिल है।

कांग्रेस आप 3

आज देश जिस स्थिति से गुजर रहा, वह किसी से छिपा नहीं : संदीप पाठक

सीट बंटवारे के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संदीप पाठक ने कहा कि आज देश जिस स्थिति से गुजर रहा है, वह किसी से छिपा हुआ नहीं है। भाजपा सरकार एक-एक करके सभी संस्थाओं को खत्म कर रही है। चुनाव में जिस प्रकार चोरी हो रही है और जीतने के लिए विपक्षी नेताओं को जेल में डाला जा रहा है। जिस तरह से किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। देश की जनता बेरोजगारी और महंगाई से त्रस्त है, ऐसे में देश को एक ईमानदार और मजबूत विकल्प की जरूरत है। इसी को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक छोटे-छोटे हितों की बजाय देश के हितों को ध्यान में रखकर यह गठबंधन किया गया है। हमारा गठबंधन में आने का उद्देश्य यही है कि देश सर्वोपरी है, न कि पार्टी। आने वाले चुनाव में हम एक होकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन के आधार पर ही चुनाव लड़ा जाएगा।

कांग्रेस आप 1

गठबंधन पर चंडीगढ़ मेयर चुनाव में ही हो गया था तय

लोकसभा चुनावों से पहले ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ मेयर चुनाव में गठबंधन कर चुके हैं। हालांकि इस चुनाव में ज्यादा पार्षद होने के बावजूद उन्हें हार का सामने करना पड़ा था। मेयर चुनावों में पहले भाजपा के मनोज सोनकर ने जीत दर्ज करवाई थी, लेकिन धांधली के आरोपों के बाद पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह पर कार्रवाई के आदेश देते हुए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को विजयी घोषित कर दिया था। अब नए सिरे से सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होगा। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए 27 फरवरी की तारीख निर्धारित की गई है।

कांग्रेस आप 2

पंजाब में कांग्रेस और आप की राहें रहेंगी अलग-अलग

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के पंजाब में गठबंधन की बात करें तो आप पहले ही यह साफ कर चुकी है कि वह पंजाब में कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी। पंजाब की सभी 13 सीटों पर कांग्रेस और आप अलग-अलग राहों पर चलकर चुनाव लड़ने का मन बना चुकी हैं। फिलहाल पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। आप को यह उम्‍मीद है कि उनकी पार्टी यहां लोकसभा चुनावों में अकेले ही चुनाव लड़ने का दम रखती है।