भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने अधिकारियों से चर्चा के बाद कहा कि मेवात जो जला है, उसके पीछे कौन है, यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इसको समझा जाना चाहिए। नूंह में हालात फिलहाल धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। भाजपा का 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल नूंह में पीडि़तों से मिलना चाहता था, लेकिन प्रशासन ने इजाजत नहीं दी। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दंगे करा रहे हैं, वो यहां आने का नाटक कर रहे हैं। बुलडोजर प्रशासन की जांच के बाद चलाया गया, जो मकान तोड़े गए, उनमें से घटना को अंजाम दिया गया था।
मेवात के नूंह में हिंसा के बाद स्थिति का जायजा लेने पहुंचे भाजपा प्रतिनिधिमंडल की प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक खत्म हो गई है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल को नूंह के सर्किट हॉउस तक ही आने की अनुमति दी गइ गई। इस दौरान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने 31 जुलाई से अब तक की स्थिति पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। भाजपा का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नूंह हिंसा के बाद प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए पहुंचा। दौरे पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री बनवारी लाल, प्रदेश महामंत्री और विधायक मोहनलाल बड़ौली, विधायक संजय सिंह, समय सिंह भाटी शामिल रहे। उन्होंने सर्किट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल यहीं से वासस लौट गया।
प्रशासन सही दिशा में कर रहा काम, नहीं बख्शे जाएंगे षड़यंत्रकारी : भाजपा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि जिन पार्टियों के नेता के खिलाफ दंगे फैलाने का मुकदमा दर्ज है, क्या वो सौहार्द की बात करेंगे। कांग्रेस पार्टी के नेताओं की करनी सबने देखी है। अब राहुल गांधी को भी अपनी पार्टी को देखना चाहिए। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से हिंसा से लेकर अब तक की स्थिति के बारे में जाना।
कांग्रेस को एंट्री नहीं मिलने पर लौटना पड़ा था बैरंग
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को मंगलवार को नूंह में प्रवेश से पहले ही रोक लिया गया था। प्रशासन की तरफ से कांग्रेस को नूंह जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। वहीं बुधवार को आप पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के भी बैरंग लौटाने के कुछ देर बाद भाजपा नेताओं को भी नूंह में एंट्री नहीं दी गई। वहीं नूंह में ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हिंसा के बाद से कर्फ्यू जारी है। हालांकि सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है, ताकि लोग जरूरी काम निपटा सकें। इसके अलावा जिले में 11 अगस्त तक इंटरनेट सेवा पर पाबंदी लगाई गई है।