हरियाणा के जिला करनाल के गांव रांवर में एक महिला ने संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मायका पक्ष ने पति पर हत्या कर उसे फंदे पर लटकाने के आरोप लगाए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
मृतका की पहचान जींद के गांव कंडेला की रहने वाली नीशू (37) के रूप में हुई है। करीब 18 साल पहले उसकी शादी करनाल के रांवर गांव के सोनू के साथ हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि सोनू नशे का आदी है। वह अक्सर नीशू के साथ मारपीट करता था। शुक्रवार को भी उनकी बेटी के साथ उसने बुरी तरह मारपीट की थी। यह बात नीशू ने अपनी मां को फोन पर बताई थी। उन्हें शक है कि सोनू ने ही उनकी बेटी नीशू की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया है।
सब्जी बेचने का काम करता है महिला का पति
नीशू के पास 2 लड़के हैं। एक की उम्र 12 साल तो दूसरे की उम्र 18 साल है। उसका पति सोनू फेरी लगाकर सब्जी बेचने का काम करता है। शुक्रवार को दोनों बच्चे स्कूल चले गए और सोनू सब्जी बेचने के लिए फेरी पर निकल गया। शाम करीब साढ़े 3 बजे जब बच्चे स्कूल से घर आए तो घर अंदर से बंद था। वह सीढ़ी के जरिए अपने घर में गए तो कमरे में मां फंदे पर लटकी हुई थी।
अपनी मां को फंदे पर लटका देख दोनों बच्चे जोर जोर से चिखने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग नीशू के घर पहुंचे तो वह कमरे में पंखे पर लगे फंदे पर लटक रही थी। जिसके बाद मामले की सूचना नीशू के पति, महिला के मायके वालों और पुलिस का दी गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
वहीं, सूचना मिलते ही मधुबन थाना एसएचओ विनोद कुमार व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद उन्होंने रात को शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया। मायके पक्ष के लोगों ने पति पर आरोप लगाए है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं नीशू के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया है।