हरियाणा के जिला रोहतक के गांव पहरावर में लव मैरिज करने के 3 साल बाद एक विवाहिता ससुराल पक्ष की प्रताड़ना की बलि चढ़ गई। महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने करीब 3 साल पहले लव मैरिज की थी और अब अपने ससुराल में रह रही थी। महिला के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद जब उनकी बेटी को बच्चा नहीं हुआ तो ससुराल पक्ष ने उसे तंग करना शुरू कर दिया। जिससे तंग आकर उसने अपनी जान दे दी।
सोनीपत के गांव रिंढाणा निवासी रामलखन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी छोटी बहन आरती (23) ने 8 जनवरी 2020 को रोहतक के पहरावर निवासी सोमवीर के साथ लव मैरिज की थी। शादी के बाद उसकी बहन को अभी तक बच्चा नहीं हुआ। जिसके कारण आरती का पति बहन को ताने मारता और मारपीट भी करता था। उनकी बहन आरती ससुराल पक्ष की प्रताड़ना को सहन नहीं कर पाई और उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पंखे पर चुन्नी के फंदे से लटकी थी महिला
परिजनों ने बताया कि वीरवार देर शाम को आरती के देवर ने उन्हें फोन किया और आरती की सास से उनकी बात करवाई। उन्होंने बताया कि आरती ने फंदा लगा लिया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि आरती पंखे पर चुन्नी के फंदे से लटक रही थी।
परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी ने ससुराल पक्ष से तंग आकर आत्महत्या की है। मृतका के भाई रामलखन ने कहा कि ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर ही उसकी बहन ने यह कदम उठया है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

