possession of house

Yamunanagar में मकान से कब्जा छुड़ाने गई Police के सामने महिला ने खुद को लगाई आग, 50 प्रतिशत झुलसी, Jewelers से लेन-देन का विवाद

बड़ी ख़बर यमुनानगर हरियाणा

हरियाणा के यमुनानगर के आजाद नगर की गली नंबर दो में मकान पर कब्जे के विवाद में एक महिला ने पुलिस के सामने ही खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पुलिस कोर्ट केस जीतने पर एक ज्वेलर्स को मकान पर कब्जा दिलाने आई थी। मौके पर आसपास के लोगों और पुलिस कर्मियों ने महिला पर लगी आग को बुझाया। इस दौरान आग बुझाते समय एक पुलिसकर्मी का हाथ भी झुलस गया। वहीं आग लगने से महिला 50 प्रतिशत झुलस गई। जिसे जली हुई हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला का उपचार चल रहा है। फिलहाल पुलिस विवादित मामले की जांच कर रही है।

जानकारी अनुसार आजाद नगर की गली नंबर 2 में महिला आरती के मकान को लेकर विवाद है। शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर पुलिस व अन्य अधिकारी मकान पर कब्जा लेने पहुंचे तो आरती ने मकान पर कब्जे का विरोध किया। जब पुलिस उसे हटाने लगी तो उसने खुद पर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। आग से महिला की छाती सहित शरीर का 50 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। वहीं आरती की चाची पूनम देवी का कहना है कि आरती ने ज्वेलर्स​​​​ कर्ण वर्मा से रुपये उधार लिए हुए थे। ज्वेलर्स के पैसे नहीं चुका पाने के कारण उसने आरती के खिलाफ कोर्ट में केस कर दिया। कोर्ट का फैसला ज्वेलर्स के हक में आया। कोर्ट ने महिला के मकान को जब्त करने के आदेश दिए थे। आरती मकान से अपना कब्जा नहीं छोड़ना चाहती थी।

कुछ समय पहले छोड़कर चला गया था पति

Whatsapp Channel Join

महिला की चाची के अनुसार आरती अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ अपने मां-बाप के मकान आजाद नगर में रहती थी और अपना गुजर बसर कर रही थी। आरती को कुछ समय पहले उसका पति भी छोड़कर चला गया था। शुक्रवार को जब पुलिस व अधिकारी मकान पर कब्जा लेने पहुंचे तो आरती ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली।

आग 1 1

एएसआई ने जान की परवाह किए बगैर बचाई महिला की जान

महिला आरती के द्वारा खुद को आग लगाने के बाद उसे जलता देख रामपुरा पुलिस चौकी के एएसआई लाभ सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बगैर आरती की जान को बचाया। महिला को बचाने के प्रयास में एएसआई का हाथ भी झुलस गया, लेकिन उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए आग को बुझा दिया। इसके बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अब महिला की हालत खतरे से बाहर

इस संबंध में शहर थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर रामपुरा चौकी व महिला पुलिस मकान पर कब्जा दिलाने गए थे। जहां महिला ने खुद को आग लगा ली। महिला को आग में झुलसते देख पुलिस कर्मचारी अपनी जान की परवाह न करते हुए उसे बचाने का प्रयास किया। पुलिस कर्मी के हाथ भी जल गए। महिला को झुलसी हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। अब महिला की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।