weather 26 3

यमुना नदी में जलस्तर डेंजर लेवल पार, बाढ़ का खतरा

हरियाणा हरियाणा की बड़ी खबर

➤यमुना नदी उफान पर
➤गांवों में बाढ़ का अलर्ट
➤सोम नदी का बांध टूटने से खतरा

हरियाणा में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही भारी बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है। रविवार शाम 4 बजे हथिनी कुंड बैराज पर यमुना का जलस्तर लगभग 1,70,000 क्यूसेक तक पहुंच गया, जबकि दोपहर 1 बजे यह 1,16,686 क्यूसेक था। इस मानसून सीजन में यह पहला मौका है जब यमुना का जलस्तर एक लाख क्यूसेक के पार गया और यह लगातार बढ़ रहा है।

पहाड़ों से अधिक पानी आने के कारण हथिनी कुंड बैराज से निकलने वाली ईस्ट और वेस्ट यमुना लिंक नहरों को बंद कर दिया गया है और सारा पानी सीधे यमुना नदी में छोड़ा जा रहा है। बैराज के सभी गेट खोलते ही नदी के किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है और लोगों को पानी के पास न जाने की चेतावनी दी गई है।

Whatsapp Channel Join

केंद्रीय जल आयोग ने दिल्ली सरकार को भी यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क किया है। चंडीगढ़ स्थित कंट्रोल रूम से हर घंटे जलस्तर की जानकारी दिल्ली के साथ साझा की जा रही है।

यमुनानगर में बारिश से सोम नदी का बांध टूट गया है। पानी शहर के सढ़ौरा क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, यमुनानगर शहर में तेज बारिश के कारण घुटनों तक पानी भर गया और थार गाड़ी पर दीवार गिर गई, लेकिन ड्राइवर सुरक्षित रहा।

अंबाला में टांगरी नदी और यमुनानगर में पथराला नदी के पानी घरों में घुस गए हैं। फरीदाबाद में यमुना नदी ओवरफ्लो हो गई है, जिससे बसंतपुर गांव के लगभग 50 घरों में एक फीट तक पानी भर गया। प्रशासन ने लोगों से अपने घरों को खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की चेतावनी दी है।

मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार ने पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, झज्जर, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पानीपत, सोनीपत और करनाल जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है।

इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर नदी किनारे सुरक्षा उपाय तेज कर दिए हैं, ताकि किसी प्रकार की आपदा से निपटा जा सके।