चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग को हरियाणा के स्कूलों के विद्यार्थी लाइव देखेंगे। इसके लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को बुधवार शाम को 5 से 6 बजे तक स्कूल खोलने के निर्देश दिए हैं। जिले के सभी स्कूलों में लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा।
साथ ही यह भी कहा है कि शाम के समय जहां संभव हो, वहां शिक्षकों और विद्यार्थीयों के लिए एक घंटे की सभा आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि जिस भी स्कूल में लाइव प्रसारण संभव नहीं होगा, उन स्कूलों में अगले दिन सुबह सॉफ्ट लैंडिंग प्रक्रिया का प्रसारण होगा।
शाम को 1 घंटा सभी स्कूलों को खोलने के निर्देश
निदेशालय द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि चंद्रयान- 3 की लैंडिंग का स्कूलों में पांच बजकर 20 मिनट से सीधा प्रसारण किया जाएगा। चंद्रयान-3 की लैंडिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी का भी राष्ट्र के नाम संबोधन होगा।
शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने स्कूलों में लाइव प्रसारण के दिए निर्देश, शाम को एक घंटे खुलेंगे स्कूल प्रसारण के आदेश जारी किए हैं। आदेशों के तहत आज शाम पांच से छह बजे तक सरकारी स्कूल खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
मौजूदा समय में भारत एक उभरती हुई शक्ति
शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि यह उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों की है। जितनी बड़ी सफलता हमें मिलने जा रही है। पूरी दुनिया का ध्यान इस तरफ है। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे भी इस उपलब्धि को देखें। मौजूदा समय में भारत एक उभरती हुई शक्ति है और तमाम बच्चों के मन मे भी यह भाव जागना चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर मेरा मानना है कि सब कुछ आत्मविश्वास पर निर्भर करता है और हम जरूर इस उपलब्धि को हासिल करेंगे। इस मौके पर प्रदेश के तमाम स्कूल शाम 5 से लेकर 6बजे तक खुले रहेंगे ताकि वह चंद्रयान की लैंडिंग को अपनी आंखों से देख सकें। तमाम स्कूलों में इसको लेकर व्यवस्था की गई है।