हरियाणा के जिला यमुनानगर के गांव खुर्दी में एक 23 वर्षीय विवाहिता ने मायके में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। विवाहिता अपने पति के साथ गांव बैंडी ससुराल से अपने मायके आई थी। मायके आते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाहिता के परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष पर उसे तंग करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव खुर्दी निवासी हुकम चंद का कहना है कि प्रीति की शादी नवंबर 2022 में गांव बैंडी के सन्नी के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही सन्नी प्रीति को परेशान करने लगा और उसके साथ मारपीट भी करने लगा। इस बात को लेकर पंचायत भी हुई। जिसमें लोगों ने सन्नी और प्रीति के घर वालों को समझाया। फिर प्रीति को दोबारा उसके ससुराल वापस भेज दिया गया, लेकिन फिर भी सन्नी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और प्रीति को वापस मायके छोड़कर चला गया।
खेत से आकर मां ने देखा तो फंदे से लटकी थी प्रीति
मृतका के पिता का कहना है कि वह शाम 6 बजे प्रीति को घर छोड़कर खेत गए थे। इसके बाद प्रीति की मां ने खेत से लौटकर बेटी को आवाज लगाई तो बेटी का कोई जवाब नहीं आया। जब वह कमरे के पास गई तो देखा कि प्रीति फंदे पर लटकी हुई मिली। यह सब देखकर परिजनों के होश उड़ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंंचकर कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। एसएचओ जोगिंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद घर वालों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।

