हरियाणा में नगर निगम चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। भाजपा नेता मोहनलाल बडौली ने नगर निगम चुनाव में पार्टी की मजबूती और जीत को लेकर जताया विश्वास। भाजपा ने अपने सदस्यता अभियान को तेज करते हुए 50 लाख नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने नगर निगम चुनावों में जीत का बड़ा दावा किया है।
भाजपा हर चुनाव के लिए हमेशा तैयार- बडौली
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली ने यमुनानगर के महाराजा अग्रसेन कॉलेज में सदस्यता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है। नगर निगम चुनाव को लेकर भी भाजपा ने रणनीति तैयार कर ली है। बडौली ने दावा किया कि भाजपा जनहितैषी कार्यों और मजबूत संगठन के दम पर हर चुनाव जीतेगी।
बडौली ने साधा कांग्रेस पर निशाना
प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने विधानसभा चुनाव में उनके झूठ को नकार दिया। अब कांग्रेस के पास न नेता है, न नीति और न नीयत। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष भी दूसरे दलों से चुनना पड़ रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर और कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। भाजपा ने सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में जीत का विश्वास जताया है।