City Tehlka

हरियाणा के 15 जिलों में अलर्ट, तापमान बढ़ने की चेतावनी

हरियाणा


● 9 अप्रैल तक मौसम रहेगा शुष्क, तापमान में और बढ़ोतरी संभव
● सिरसा में तापमान सबसे अधिक 37.6 डिग्री, फरीदाबाद में 2 डिग्री की गिरावट


Haryana Weather: हरियाणा में गर्मी ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में यह और अधिक तीव्र हो सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में यलो हीट अलर्ट जारी किया है, जिसमें लोगों को तेज गर्मी से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस अलर्ट में हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, सिरसा, फतेहाबाद, जींद और सोनीपत शामिल हैं। वहीं पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत ग्रीन जोन में रखे गए हैं, जहां फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है।

Whatsapp Channel Join

शनिवार को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन प्रदेश का औसत तापमान अब भी सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 9 अप्रैल तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे दिन के तापमान में और वृद्धि हो सकती है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 9 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव आ सकता है, लेकिन तब तक तेज धूप और गर्म हवाओं से राहत मिलने की संभावना कम है।

पिछले 24 घंटे में तापमान में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला। सिरसा में तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, फरीदाबाद में 2 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 35.6 डिग्री रहा।

गर्मी के इस प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।