हरियाणा के गुरुग्राम के गांव टिकरी में मध्यप्रदेश के एक युवक ने आर्थिक तंगी के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने 20 अगस्त रविवार की रात को फंदा लगाकर आत्महत्या की थी, लेकिन पुलिस को मामले की सूचना दो दिन बाद मिली है। मरने से पहले युवक की ओर से सुसाइड नोट भी लिखकर छोड़ा गया है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदर थाना पुलिस से जांच अधिकारी एएसआई अजीत का कहना है कि पुलिस को मंगलवार दोपहर को मामले की सूचना मिली है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान मूलरूप से मध्यप्रदेश निवासी अनिल के रूप में हुई है।
जांच अधिकारी का कहना है कि अनिल के परिजन मध्यप्रदेश में ही रहते हैं और वह काम के लिए गुरुग्राम आया था। अनिल ने करीब 15 दिन पहले गांव टिकरी में एक कमरा किराये पर लिया था और मरने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा है। जिससे पता चलता है कि मृतक अनिल आर्थिक तंगी के कारण परेशान था और गांव टिकरी में किराये पर रहने आया था। इसके बाद युवक ने रविवार को पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

