➤ ITBP जवान धर्मवीर की ड्यूटी के दौरान मौत
➤ मसूरी से दवाई लाते वक्त हुआ हादसा, सहारनपुर में अस्पताल में तोड़ा दम
➤ 13 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि, पत्नी 7 माह की गर्भवती
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल निवासी और ITBP के जवान धर्मवीर सिंह (40) की ड्यूटी के दौरान एक्सीडेंट में मौत हो गई। धर्मवीर सिंह ITBP की 50वीं बटालियन में रामगढ़ (उत्तर प्रदेश) में तैनात थे और मसूरी की ITBP एकेडमी से अटैच थे। रविवार को सहारनपुर के पास दवाई लाते समय सड़क हादसे में घायल होने के बाद उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बास किरारोद लाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके 13 साल के बेटे अंश ने चिता को मुखाग्नि दी। उनकी पत्नी 7 माह की गर्भवती है।

शहीद धर्मवीर की अंतिम यात्रा उनके गांव लहरोदा से बास किरारोद तक निकाली गई, जिसमें हजारों ग्रामीण, ITBP जवान और पुलिसकर्मी शामिल हुए। भारत माता की जय के नारों से गांव गूंज उठा। इस दौरान परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।

नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि जवान की शहादत दुखद है, ईश्वर उनके परिवार को संबल दे। सदर थाना प्रभारी धर्मवीर ने भी पुलिस की ओर से पुष्पचक्र अर्पित किया।
परिजनों ने बताया कि धर्मवीर सिंह 2009 में ITBP में भर्ती हुए थे और 16 वर्षों तक सेवा की। वह जीडी कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत थे। उनका बड़ा बेटा अंश आठवीं कक्षा में पढ़ता है, बेटी अंशिका छठी में है, और उनकी पत्नी गर्भवती है। शहीद के दो भाई हैं—एक योग टीचर हैं, दूसरा कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका है।