WhatsApp Image 2025 07 24 at 12.03.07

हिमाचल के मंडी में बस हादसा, 7 की मौत, 25 घायल, खेतों में जा गिरी बस, मची अफरातफरी

Himachal Pardesh

➤मंडी (हिमाचल प्रदेश) में HRTC की बस 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, 7 लोगों की मौत।

➤25 लोग घायल, जिनमें से 3 की हालत गंभीर; उन्हें बिलासपुर एम्स रेफर किया गया।

➤बस सरकाघाट-जामनी-दुर्गापुर सड़क पर मसेरन तालगरा के पास हादसे का शिकार हुई।

Whatsapp Channel Join

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस लगभग 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस बस दुर्घटना में अब तक 7 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जिनमें 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। लगभग 23 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

image 109

घटना सुबह करीब 9:45 बजे सरकाघाट-जामनी-दुर्गापुर रोड पर मसेरन तालगरा के समीप की है। बस HP-28-A-3717 जामनी से सरकाघाट की ओर जा रही थी, जब यह अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और खाई में गिर गई।

image 110

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. बलवीर (60), गांव पाटी भलयारा
  2. अंतरिक्ष (17), गांव गरौडु
  3. बर्फी देवी (80), गांव भलयाणा
  4. गीता देवी (65), गांव रसेहड
  5. डोमा देवी (70), गांव रमेहड
  6. कलासी देवी (60), गांव तलगरा
  7. सुमन कुमार (33), गांव मसेरन

घटना के बाद ग्रामीणों और स्थानीय पुलिस की मदद से राहत व बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सरकाघाट अस्पताल लाया गया। घायलों की हालत को देखते हुए 3 गंभीर घायलों को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

SP मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चला है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीखे मोड़ पर ड्राइवर द्वारा नियंत्रण खोने से यह दुर्घटना हुई है।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस काफी तेजी में थी और जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां पहले भी हादसे हो चुके हैं।

सरकाघाट विधायक दलीप ठाकुर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अस्पताल में न तो अल्ट्रासाउंड की सुविधा है और न ही पर्याप्त एम्बुलेंस। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को विधानसभा में उठाएंगे।

image 111

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को हर संभव इलाज और सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री हादसे की जानकारी मिलते ही शिमला से सरकाघाट के लिए रवाना हो गए। वह अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जानेंगे और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेंगे।

यह हादसा हिमाचल में सड़कों की खस्ताहालत, बस संचालन में सतर्कता की कमी और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर कई सवाल खड़े कर गया है।