हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा से बैरागढ़ जाने वाली सड़क पर तरवाई नामक स्थान पर शुक्रवार को जीप के गहरे नाले में गिर जाने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में 6 पुलिसकर्मी बताए जा रहे है। बताया जा रहा है कि जीप बैरागढ़ से सनवाल जा रही थी, जिसमें 11 लोग सवार थे। जीप सवारों में 9 पुलिस के जवान थे, जो सनवाल जा रहे थे। दुर्घटना में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए मैडिकल काॅलेज चंबा लाया गया।
सातों मृतकों ने मौके पर ही तोड़ दिया था दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों तथा मृतकों को नाले से निकाला। सभी सातों मृतकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान जीप चालक की भी मौत हो गई। दुर्घटना जीप का अचानक संतुलन बिगड़ जाने के कारण हुई बताई जा रही है।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे विधायक
वहीं मामले की जानकारी मिलने पर विधायक हंसराज भी दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस सड़क की हालत सुधारने के लिए उन्होंने कई बार लोक निर्माण विभाग से बात की, लेकिन अभी तक सडक की हालत में कोई सुधार नहीं किया गया है।

