राजस्थान की सीनियर कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास गणगौर पूजा के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार हो गईं। पूजा के दौरान उनकी चुन्नी में आग लगने से वह झुलस गईं। पहले उन्हें उदयपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी स्थिति को देखते हुए अहमदाबाद रेफर कर दिया गया।
कैसे हुआ हादसा
गिरिजा व्यास घर में गणगौर पूजा कर रही थीं, और पूजा स्थल पर जल रहे दीपक से उनकी चुन्नी ने आग पकड़ ली। परिवारजन अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे, और इस दौरान यह दुर्घटना घटित हो गई। हादसे के तुरंत बाद उनके पुत्र और घर के एक अन्य सदस्य ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
परिवार और नेताओं की प्रतिक्रिया
पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास के भाई गोपाल शर्मा ने बताया कि उन्हें जब इस हादसे की सूचना मिली, तब वे फार्म हाउस पर थे। खबर सुनते ही वे अस्पताल पहुंचे और अपनी बहन को अहमदाबाद लेकर रवाना हो गए।
इस घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिंता व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर लिखा—”पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास जी के आग से झुलसकर घायल होने का समाचार चिंताजनक है। मैं ईश्वर से उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”