➤ नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ समस्याएं लेकर पहुंची थीं सांसद, नहीं सुनी गई बात
➤ कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश, डीएम बोले- सभी अफसर करें सभ्य व्यवहार
हरियाणा के साथ सटे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक गंभीर प्रशासनिक टकराव सामने आया है, जहाँ कैराना सांसद इकरा हसन और छुटमलपुर नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन ने एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह पर अभद्र व्यवहार किया गया। इकरा हसन ने मंडलायुक्त और प्रमुख सचिव को शिकायत भेजते हुए कहा है कि 1 जुलाई को क्षेत्र की समस्याओं को लेकर वे एडीएम से मिलने पहुंची थीं, मगर वहां उन्हें लंच का हवाला देकर टाल दिया गया।
करीब तीन बजे जब वे दोबारा पहुंचीं, तो एडीएम का व्यवहार अपमानजनक रहा। आरोप है कि उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष को डांटा और जब सांसद ने हस्तक्षेप किया तो उन्हें भी अपमानित करते हुए कार्यालय से बाहर जाने के लिए कह दिया। सांसद इकरा हसन ने इस घटना को जनप्रतिनिधियों का अपमान बताते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
इस प्रकरण के बाद मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने जिलाधिकारी मनीष बंसल को मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। डीएम ने भी स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनप्रतिनिधियों से सभ्य व्यवहार करें।
नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन ने भी आरोपों की पुष्टि करते हुए कहा कि वे ईओ की मनमानी कार्यप्रणाली की शिकायत लेकर गई थीं, मगर एडीएम का व्यवहार अत्यंत अपमानजनक रहा। उधर एडीएम संतोष बहादुर ने आरोपों को निराधार बताया है।
इस पूरे मामले ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संबंधों पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब निगाहें जांच की निष्पक्षता और कार्रवाई पर टिकी हैं।

