हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को अपने दिल्ली दौरे के दौरान सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सूत्रों की मानें तो इस दौरान दोनों के बीच प्रदेश के सियासी हालातों पर चर्चा की गई। इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सबको साथ लेकर मजबूती से हरियाणा को आगे ले जाने का काम किया जाएगा। जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आशीर्वाद भी लिया।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि भाजपा शीर्ष मंडल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल के विस्तार और 5 कैबिनेट मंत्रियों के विभागों पर चर्चा की। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

बता दें कि नायब सिंह सैनी के हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाए जाने से पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज में नाराजगी दिख रही है। जिन्हें मनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वयं नायब सिंह सैनी का प्रयास जारी है। बता दें कि बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी दो बार पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को फोन कर चुके हैं। जिसके बाद वह नायब सैनी के विधानसभा में फ्लोर टेस्ट में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे थे।

इस दौरान अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत में बताया था कि वह भाजपा के अनन्य भक्त हैं। परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन वह हर परिस्थिति में भाजपा के लिए ही कार्यरत रहे हैं। वह अब भी भाजपा के लिए कार्य करेंगे और आगे भी करते रहेंगे। इसके बाद वह गोल गप्पों की स्टॉल पर चाट खाते और वीरवार सुबह चाय की स्टॉल पर गाना गुनगुनाते दिखाई दिए। हालांकि अनिल विज ने सरकार में शामिल होने के कोई संकेत नहीं दिए हैं।

बता दें कि विधानसभा में बहुमत साबित करने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विजन से उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। जिसे वह सभी के आशीर्वाद से पूरा करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व सीएम मनोहर लाल के कार्यों की भी जमकर सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि मनोहर लाल के नेतृत्व वाली सरकार की सोच ईमानदार और कार्य दमदार रहे हैं। उन्होंने कहा था कि राज नहीं फकीर हैं, मनोहर लाल देश की तकदीर हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा ने हरियाणा में सरकार का चेहरा बदलकर एक बड़ा दाव खेला है। नायब सिंह सैनी को हरियाणा में 11वें मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है। सीएम नायब सैनी ने बुधवार को राज्य विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया। जिसमें उन्होंने विश्वास मत पास किया।

वहीं इससे पहले हरियाणा में अचानक बदले नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम में मनोहर लाल और उनकी पूरी कैबिनेट ने मंगलवार को एक साथ अपना इस्तीफा दिया था। जिसके बाद जजपा समर्थन वाली सरकार गिर गई थी। इसके बाद दोपहर को भाजपा की विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री के लिए विधायक दल का नेता चुना गया। इस प्रकार एकदम हरियाणा में करीब साढ़े 4 साल से चला आ रहा भाजपा व जजपा का राजनीतिक गठबंधन टूट गया।

