किसानों की मांगों को लेकर दिल्ली कूच पर निकले पंजाब के किसानों के समर्थन में हरियाणा के किसानों द्वारा 16 फरवरी को टोल फ्री करने का ऐलान किया गया है। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति हरियाणा की वीरवार को फतेहाबाद में हुई राज्य कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया था। पिछले किसान आंदोलन में हरियाणा की ओर से सक्रिय भूमिका निभाने वाले गुरनाम सिंह चढूनी के नेतृत्व वाले गुट भारतीय किसान यूनियन चढूनी ने भी गुरुवार को आपात बैठक कर बड़े फैसले लिए हैं। उन्होंने शुक्रवार को प्रदेशभर के टोल प्लाजा फ्री कराए जाने का ऐलान किया।
वहीं शनिवार को प्रदेशभर में तहसील स्तर पर ट्रैक्टर मार्च निकालने की बात भी कही। रविवार को ब्रह्मसरोवर तट पर सभी संगठनों, खाप पंचायतों और अन्य संगठनों की अहम बैठक भी बुलाई है। जिसमें आंदोलन की अगली रणनीति को लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी। गुरनाम सिंह चढूनी की अध्यक्षता में गुरुवार को बुलाई गई आपातकालीन बैठक में आंदोलन कर रहे किसानों की मांगों के नैतिक समर्थन का ऐलान भी किया गया। कहा गया कि भले ही पंजाब सीमा पर डटे किसानों के साथ चढ़ूनी गुट से जुड़े किसान दिखाई नहीं देंगे, लेकिन उनकी मांगों के समर्थन में लगातार सड़कों पर उतरेंगे। बैठक में कहा गया कि शुक्रवार को प्रदेश के सभी टोल प्लाजा दोपहर 12 से शाम 3 बजे तक फ्री कराए जाएंगे।

किसानों की मांगों का समर्थन
यह आंदोलन हरियाणा के साथ-साथ चढूनी गुट से जुड़े दूसरे राज्यों के किसान भी अपने-अपने स्तर पर उसी अनुसार चलाएंगे। बैठक के बाद चढूनी ने कहा कि वे आंदोलन कर रहे किसानों की मांगों का समर्थन करते हैं। उनकी मांगें पूरी तरह से जायज हैं। इन मांगों को सरकार को तत्काल मान लेना चाहिए। चढूनी ने एक मांग और जोड़ते हुए कहा कि आगे होने वाला चुनाव ईवीएम से न कराकर बैलेट पेपर से कराया जाए। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन को भी किसानों को रोकने और कार्रवाई का प्रयास न करने चेतावनी दी। बैठक में कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह मथाना, प्रदेश प्रवक्ता राकेश बैंस, कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष कृष्ण कलाल माजरा, प्रिंस वड़ैच सहित सभी पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य शामिल रहे।
16 फरवरी को टोल फ्री का ऐलान

गुरनाम सिंह चढूनी यूनियन के द्वारा आज गुरनाम सिंह के गांव में एक मीटिंग की गई। जिसमें भारतीय किसान यूनियन के साथ-साथ सरपंच संगठन, अन्य भी कई संगठनों ने भाग लिया। गुरनाम सिंह ने बोलते हुए कहा कि कल वह पूरे हरियाणा में किसान आंदोलन के चलते सभी टोल फ्री रखेंगे और उसके बाद 17 फरवरी को पूरे हरियाणा में सभी तहसीलों पर भारतीय किसान यूनियन के द्वारा ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा।
18 फरवरी को होगी बैठक

उसके बाद 18 फरवरी को एक बार फिर से किसान मजदूर संगठन और सरपंचों की मीटिंग की जाएगी। जिसमें आगामी रणनीति बनाई जाएगी। हालांकि जब उनसे सवाल किया गया कि इस किसान आंदोलन में क्या वह पंजाब के किसानों का समर्थन करने के लिए बॉर्डर पर जा रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि अभी हमने यह फैसला नहीं लिया है 18 तारीख को कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर पर जो मीटिंग होगी उसमें ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।