बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्म दंगल में उनकी छोटी बेटी का रोल अदा करने वाली बबीता (सुहानी भटनागर) के निधन की खबर सामने आई है। फिल्म दंगल में आमिर खान की छोटी बेटी का रोल अदा करने वाली सुहानी भटनागर का 19 वर्ष की आयु में ही शनिवार सुबह देहांत हो गया। सुहानी की मौत के बाद फरीदाबाद के सेक्टर-17 में गमगीन माहौल है।
गौरतलब है कि बॉलीवुड फिल्म दंगल के फैन्स और फरीदाबाद सहित पूरे देश के लिए दुखी कर देने वाली एक खबर आई है। फरीदाबाद के सेक्टर-17 निवासी सुहानी भटनागर, जिन्होंने फिल्म दंगल में आमिर खान की छोटी बेटी (बबीता फोगाट) का रोल अदा किया था। आज उनका बीमारी के चलते निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि सुहानी भटनागर महज 19 साल की थी और आज उन्होंने अंतिम सांस ली।

सुहानी भटनागर ने फिल्म दंगल में महज 9 वर्ष की आयु में ही बबीता बबीता फोगाट का रोल अदा कर अपने प्रशसंकों और लोगों के दिलों में छाप छोड़ी थी। 9 वर्ष की उम्र में ही वह बॉलीवुड का जाना-माना चेहरा हो गई थी।

बता दें कि फरीदाबाद के सेक्टर-17 निवासी निरंकारी एपी भटनागर की पौत्री सुहानी की मौत के बाद उनके प्रशंसकों और क्षेत्र में गमगीन माहौल है। सुहानी भटनागर का फरीदाबाद के सेक्टर-15 स्थित अजरौंदा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले सुहानी भटनागर के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। इस दौरान इलाज के लिए उन्हें जो दवाएं दी गई, उनके दुष्प्रभाव के चलते सुहानी के पूरे शरीर में पानी भर गया था।

सुहानी भटनागर का कुछ दिनों से एम्स में इलाज चल रहा था। इसी बीमारी के चलते शनिवार को सुहानी ने अंतिम सांस ली।
