BJP National Convention : लोकसभा चुनाव से पहले सरकार की उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाने और पार्टी की आगे की रणनीति तैयार करने के लिए दिल्ली में भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरुआत हो चुकी है। राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचे हैं। सबसे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शॉल पहनाकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। भारत मंडपम में आयोजित अधिवेशन में पार्टी अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अलग से प्रस्ताव पारित कर सकती है। इसी के साथ आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जा सकती है।
भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई दिग्गज शामिल हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अधिवेशन का उद्घाटन किया। इस दौरान सभी ने मोदी है तो मुमकिन है, के नारे लगाए। जिस पर प्रधानमंत्री मोदी ने खड़े होकर सभी का अभिवादन किया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा का 370 लोकसभा सीटें जीतना श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिन्होंने अनुच्छेद 370 को खत्म करने के लिए लड़ाई लड़ी। गौरतलब है कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने वर्ष 1951 में कहा था कि एक देश में दो निशान, दो प्रधान और दो विधान नहीं चलेंगे। मुखर्जी ने यह नारा जम्मू-कश्मीर में दिया गया था। भाजपा अब 370 सीटों के टारगेट के जरिए यह संदेश भी दे रही है कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया है।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इस बार भाजपा का चुनाव चिह्न कमल पार्टी का उम्मीदवार होगा। उन्होंने इसी के साथ सभी से अपनी जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मोदी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर बूथ पर पार्टी को 370 वोट बढ़ाने होंगे। 100 दिनों का जनसंपर्क अभियान चलाना है। साथ ही भाजपा के पिछले 10 वर्षों के कार्यों का प्रचार भी करना है।

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी की गारंटी पर देश को भरोसा हुआ है। भाजपा की 17 प्रदेशों में सरकार है। हमने राजस्थान-छत्तीसगढ़ में जीत दर्ज की है। इस बार भाजपा बंगाल में भी अपनी जीत दर्ज कराएगी। जेपी नड्डा ने कहा कि 10 साल की विकास यात्रा अभूतपूर्व यात्रा रही। लोकसभा प्रवास योजना में 161 लोकसभा में 430 प्रवास केंद्रीय मंत्रियों के हुए। यानि एक लोकसभा में तीन प्रवास हुए। यह 161 सीटें वह हैं, जो पिछले चुनाव में भाजपा हार गई थी।

जेपी नड्डा ने भरोसा जताया कि इसमें से ज्यादातर सीटें जीतने में भाजपा कामयाब रही है। आने वाले 100 दिन में भाजपा का कार्यकर्ता सीधे बूथ पर टारगेट करेगा और विकास की बातें हर वोटर तक ले जाने में सफल रहेगा। बता दें कि भारत मंडपम में 17-18 फरवरी को भाजपा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू हो चुका है। इस अधिवेशन के जरिए भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव के तैयारियों की भी समीक्षा करेगी। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में पीएम के अलावा केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के सभी सीएम, राष्ट्रीय और राज्य पार्टी पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हो रहे हैं।


