weather 23

हरियाणा के स्कूलों में प्रार्थना सभा में होगा गीता श्लोकों का पाठ, शिक्षा बोर्ड ने सभी विद्यालयों को जारी किये निर्देश

Education हरियाणा
  • हरियाणा के स्कूलों में अब प्रार्थना सभा में गीता के श्लोकों का पाठ अनिवार्य किया गया।
  • हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सभी विद्यालय प्रमुखों को इस संबंध में पत्र भेजा है।
  • गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की लंबे समय से चल रही मुहिम हुई सफल।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के सभी स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान गीता के श्लोकों का पाठ अनिवार्य कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार द्वारा इस संबंध में सभी स्कूल मुखियाओं को पत्र जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि गीता के श्लोक बच्चों के मानसिक, नैतिक और आध्यात्मिक विकास में सहायक सिद्ध होंगे।

इस योजना की शुरुआत भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर के सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल से हुई, जहां आज सुबह छात्रों ने प्रार्थना सभा के दौरान गीता के श्लोकों का पाठ किया। इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद महाराज जी ने ऑनलाइन माध्यम से बच्चों को आशीर्वचन दिए और गीता पाठ की महत्ता को समझाया। वे वर्षों से गीता के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं और चाहते हैं कि बच्चों के भीतर संस्कार और सद्गुण विकसित हों।

इस मौके पर श्रीकृष्ण कृपा समिति के स्वास्थ्य प्रकल्प के जिला अध्यक्ष डॉ. विनोद अंचल ने भी शिरकत की और बच्चों को प्रतिदिन गीता पाठ करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गीता पाठ न केवल मानसिक शांति देता है बल्कि यह जीवन के मार्गदर्शन का भी कार्य करता है।

Whatsapp Channel Join

बोर्ड अध्यक्ष ने सभी विद्यालयों से अनुरोध किया है कि वे गीता श्लोकों का नियमित पाठ प्रार्थना सभा का हिस्सा बनाएं, जिससे बच्चों के चरित्र में आध्यात्मिकता का समावेश हो सके। उन्होंने कहा कि गीता जीवन का सार है और इसे विद्यार्थियों के जीवन में उतारना आवश्यक है। इस मौके पर कृष्ण कृपा समिति के जिला अध्यक्ष नरेश आहूजा सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।