आज की तारीख देश के लिए काफी अहम है। आज 15 सितंबर की तारीख को देश हर साल इंजीनियर्स डे के रूप में मनाता है। इस दिवस का आयोजन भारत के महान इजीनियर एम विश्वेश्वरैया के योगदान को सम्मान देने के लिए किया जाता है।
भारत में हर साल लाखों की संख्या में छात्र इंजीनियर बनते हैं। इंजीनियर्स डे पर पीएम मोदी ने भी देश इंजीनियरों को बधाई दी है। आइए जानते हैं क्यों मनाया जाता है इंजीनियर दिवस और क्या है इसका इतिहास।
क्यों मनाया जाता है इंजीनियर्स डे
एम विश्वेश्वरैया की जयंती मनाने और विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए योगदान को बताने के लिए हर साल 15 सितंबर को पूरे भारत में इंजीनियर्स दिवस मनाया जाता है। एम विश्वेश्वरैया का पूरा नाम मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया है। भारत के अलावा 15 सितंबर को श्रीलंका और तंजानिया में भी इंजीनियर दिवस मनाया जाता है।
भारत रत्न से सम्मानित थे एम विश्वेश्वरैया
इंजीनियर्स डे देश के महान इंजीनियर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को ही समर्पित है। आधुनिक भारत के बांधो, जलाशयों और जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण में उन्होंने काफी अहम योगदान दिया था। उनके इस योगदान के सम्मान में भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 1955 में भारत रत्न से सम्मानित किया था।
विभिन्न कार्यों में निभाई थी अहम भूमिका
भारत रत्न से सम्मानित एम विश्वेश्वरैया का जन्म 15 सितंबर 1861 को मैसूर के कोलार जिले के एक तेलुगू परिवार में हुआ था। उनके पिता श्रीनिवास शास्त्री संस्कृत के विद्वान और आयुर्वेद के डॉक्टर थे। उन्होंने 1883 में पूना के साइंस कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी। एम विश्वेश्वरैया द्वारा मैसूर में किए गए आधुनिक विकास कार्यों के कारण उन्हें मॉर्डन मैसूर का पिता भी कहा जाता है। उन्होंने मांड्या जिले में बने कृष्णराज सागर बांध निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी। साल 1962 में 102 साल की उम्र में डॉ. मोक्षगुंडम का निधन हुआ।
इंजीनियर्स दिवस का महत्व
राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस का अवसर देश में इंजीनियरों की तरफ से किए गए प्रयासों को स्वीकार करने के रूप में भी मनाया जाता है। इंजीनियरों को कठिन पढ़ाई से लेकर नौकरी के दौरान कई परेशानियों को झेलना पड़ता है। बिना इंजीनियर्स के किसी भी देश का ढांचागत विकास असंभव है। क्योंकि इंजीनियर्स के अथक प्रयासों और महान दिमाग से ही हम नई तकनिकी का प्रयोग करने में सक्षम हैं।
क्या रहेगी इंजीनियर्स डे की थीम
राष्ट्रीय इंजीनियर्स दिवस की थीम ‘सतत भविष्य के लिए इंजीनियरिंग’ है। यह अवसर इंजीनियरों की सरलता और नवीनता के जश्न का प्रतीक है।
भेजिए बधाई के मनमोहक संदेश
फिल्म थ्री ईडियट्स के काबिल इंजीनियरिंग छात्र ‘रैंचो’ यानी आमिर खान को तो आप जानते ही है। इस तरह के तमाम रैंचो आपके दोस्त भी होंगे। तो आप अपने रैंचो दोस्त को इंजीनियर्स डे के मौके पर बधाई संदेश भेज सकते है।
1. भगवान ने इंसान को बनाया,
इंजीनियरों ने इंसानों की दुनिया को बनाया,
उनकी सुविधा के अनुसार।
हैप्पी इंजीनियर्स डे
2. हर इंसान इंजिनियर हैं
कुछ मकान बनाते हैं
कुछ सॉफ्टवेयर बनाते हैं
कुछ मशीन बनाते हैं और
कुछ सपने बनाते हैं
और हम जैसे उनकी कहानियों को स्याही में डुबोकर
उन्हें अमर बनाते हैं
हैप्पी इंजीनियर्स डे
3. दिलों में अपनी बेताबियां,
नजर में ख्वाबों की बिजलियां,
और 4-5 बैकलॉग लेकर चल रहे हो,
तो इसका मतलब है कि तुम इंजीनियर हो।
इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएं
4.जिसका चित पावन होता है
नहीं भारी बस्ते ढोता है,
बैक आने पर नहीं रोता है
रातों को भी नहीं सोता है।
वही असल में इंजिनियर होता हैं।
हैप्पी इंजीनियर्स डे
5. इंजीनियर वो होते हैं जो
कि अपनी कलम और दिमाग से
दुनिया का अविष्कार करते हैं।
हैप्पी इंजीनियर्स डे

