Kisan Andolan 2 Live Updates : हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर काफी संख्या में पुलिस कर्मियों और सुरक्षा बलों की तैनाती के कारण तनाव जारी है। वीरवार शाम तीसरे दौर की वार्ता बेनतीजा रही। देर रात तक करीब साढ़े 5 घंटे चली बैठक में दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है। अब अगली बैठक 18 फरवरी शाम 6 बजे तय की गई है। ऐसे में किसान शंभू बॉर्डर से आगे नहीं बढ़ पाएंगे। वहीं किसानों की ओर से आज भारत बंद का ऐलान किया गया है। आज चार घंटे टोल टैक्स फ्री करवाए जाएंगे और बाजार और पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। बसों का भी पहिया जाम किया गया है।
इस बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन करने पहुंचे गुरदासपुर के गांव चाचोकी निवासी सरदार ज्ञान सिंह (63) की तबीयत खराब होने से मौत हो गई है। किसानों का आरोप है कि दो दिन पहले आंसू गैस के गोले से उन्हें दिक्कत हो गई थी। तब तो वह ठीक हो गए थे, लेकिन वीरवार रात अचानक तबियत बिगड़ने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। यह किसान आंदोलन 2 में मौत का पहला मामला है।

गौरतलब है कि वीरवार 15 फरवरी को चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच हुई तीसरे दौर की बैठक भी बेनतीजा रही। बैठक देर रात में करीब साढ़े 5 घंटे तक चली। बताया जा रहा है कि सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने के लिए कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया। जिसमें किसान और सरकार दोनों के प्रतिनिधि होंगे। किसान नेता एमएसपी गारंटी पर अड़े रहे।

बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, नित्यानंद राय के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे। अब रविवार 18 फरवरी शाम 6 बजे फिर से चौथे दौर की बैठक होगी। तब तक दोनों पक्षों की ओर से शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया गया है।

चढ़ूनी गुट 12 से 3 बजे तक रखेगा टोल फ्री
किसान आंदोलन 2 के बीच हरियाणा से भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) गुट भी मैदान आ गया है। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने घोषणा की है कि 3 घंटे तक टोल फ्री रखे जाएंगे। जिस पर सोनीपत में भी यूनियन के पदाधिकारियों ने तैयारी कर ली है। आज टोल प्लाजा को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक फ्री करवाया जाएगा।

हम पाकिस्तान नहीं, हिंसक कार्रवाई और बल प्रयोग गलत
वहीं केंद्र सरकार और किसान यूनियनों के प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक खत्म होने के बाद किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने कहा कि विरोध शांतिपूर्वक जारी रहेगा। हम और कुछ नहीं करेंगे। उनकी किसानों से अपील है कि हम दिल्ली की तरफ बढ़ते जाएं। उन्होंने कहा कि बैठकें चलती रहेंगी, दोनों काम एक साथ नहीं हो सकते। सरकार ने बैठक बुलाई है, हम तब तक इंतजार करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर रविवार को कोई सकारात्मक नतीजा नहीं मिलता तो विरोध जारी रखेंगे। वहीं कुछ किसान नेता उन पर की गई हिंसक कार्रवाई या बल प्रयोग को गलत बता रहे हैं। उनका कहना है कि हम पाकिस्तान से थोड़े ही हैं।

