➤ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में निधन
➤ किडनी से जुड़ी बीमारी के कारण एक महीने से अस्पताल में थे भर्ती
➤ पूरे झारखंड में शोक की लहर, सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और किडनी से जुड़ी बीमारी के कारण पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। शिबू सोरेन के पुत्र और झारखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद दिल्ली में मौजूद थे और अस्पताल में ही थे जब उन्होंने अपने पिता को खो दिया। सीएम हेमंत सोरेन ने अपने पिता के निधन की जानकारी साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं…’
दरअसल, शिबू सोरेन पिछले कई वर्षों से बीमार चल रहे थे और उन्हें जून के आखिरी सप्ताह में गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीते कुछ दिनों से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। शिबू सोरेन को झारखंड में ‘गुरुजी’ के नाम से जाना जाता था। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक नेताओं में से एक थे और आदिवासी अधिकारों की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई थी। उन्होंने अलग झारखंड राज्य की मुहिम का नेतृत्व किया और तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री भी बने। उनके नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आदिवासी इलाकों में सामाजिक और राजनीतिक चेतना का अभियान चलाया और राज्य को अलग पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। गुरुजी का जाना झारखंड की राजनीति के एक युग का अंत है। उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी।