भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोनीपत के टीडीआई सिटी कुंडली में एक निजी ट्रस्ट के समर्पण हार्ट एडं कैंसर अस्पताल का शिलान्यास किया। रामनाथ कोविंद ने कहा कि स्वास्थ्य की देखभाल मनुष्य का एक मानव एवं मौलिक अधिकार है। यह कोई खरीदी या बेची जाने वाली वस्तु नहीं है। स्वास्थ्य एक ऐसी सेवा है, जो प्रत्येक व्यक्ति के लिए आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए हालात चाहे व्यक्ति के कैसे भी क्यों ना हो।
इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने लोगों को नवरात्रि उत्सव और महाराजा अग्रसेन जयंती की बधाई भी दी। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि ज्यादातर अस्पताल खोले जाते हैं, लेकिन यह अस्पताल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से नो प्रॉफिट एंड नो लॉस के आधार पर चलाया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह अस्पताल जरूरतमंद लोगों की सेवा में कोई कमी नहीं आने देगा।

अगले कुछ वर्षों में बनाना होगा 500 बेड का अस्पताल
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि अगले वर्ष तक के 50 बेड का अस्पताल और उसे अगले कुछ वर्षों में 500 बेड तक का यह अस्पताल बनाना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले लंबे समय से चैरिटेबल ट्रस्ट विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं में अपना योगदान दे रहा है। जरूरतमंद की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। चिकित्सा के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा में ट्रस्ट अपना योगदान दे रहा है। वहीं लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करते हुए स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए भी संकल्पित किया है।
जरूरतमंद का पूरी तरह मुफ्त होना चाहिए इलाज : रामनाथ कोविंद
वहीं पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविद ने कहा कि जो जरूरतमंद लोग हैं, उनका पूरी तरह से मुफ्त इलाज होना चाहिए। जो मध्यम वर्ग है, उन्हें कंसेशन मिलना चाहिए। जो लोग समर्थ है और मजबूत हैं, पैसा दे सकते हैं, उन सबसे पूरा पैसा लेना चाहिए। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि जरूरतमंद की सेवा ही प्रथम ध्येय होना चाहिए, जबकि समर्थ लोगों को आगे आकर ऐसे लोगों की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां ट्रस्ट का उद्देश्य लोगों को अच्छा स्वास्थ्य देना है, वहीं ऐसे परिवार के लोगों को भी राहत देना होना चाहिए।