Prime Minister Narendra Modi

Election से पहले Modi government का बड़ा दांव, देश के 80 करोड़ गरीबों को तोहफा, पांच साल और मिलेगा मुफ्त राशन

देश पंचकुला बड़ी ख़बर राजनीति हरियाणा

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा दांव खेला है। पीएम मोदी ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के दुर्ग में ऐलान किया है कि मुफ्त में राशन योजना को पांच साल और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने निश्चय कर लिया है कि देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली योजना को भाजपा सरकार अब अगले 5 साल के लिए और बढ़ाएगी। आपका यह प्यार और आशीर्वाद मुझे हमेशा पवित्र निर्णय करने की ताकत देता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने 80 करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त राशन योजना का फायदा अगले 5 साल और देने का निर्णय लिया है। चुनावी रैली में पहुंचे मोदी ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर 9500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप भी लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि चहेतों को नौकरी देने के लिए यहां पीएससी घोटाला हुआ। कांग्रेस ने महादेव के नाम को भी नहीं छोड़ा। दुबई में बैठे सट्‌टेबाजों के करोड़ो रुपये जब ईडी ने पकड़े तो यहां के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आखिर क्यों बौखला गए? इन घोटालेबाजों के साथ उनके क्या संबंध हैं?

पीएम मोदी ने कहा कि यहां जब आप सरकारी कार्यालयों में जाते हैं तो एक ही बात बोलते हैं कि 30 टका कक्का, आपका काम पक्का। कांग्रेस की हर घोषणा में 30 टके का खेल पक्का है। इस सरकार से छत्तीसगढ़ छुटकारा चाहता है, इसलिए छत्तीसगढ़ कह रहा है कि अऊ नहीं सहिबो, बदल के रहिबो।

Whatsapp Channel Join

मोदी 2

कांग्रेस ने धोखे के सिवाय कभी कुछ नहीं दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने गरीब को धोखे के सिवाय कभी कुछ नहीं दिया। कांग्रेस गरीब की कभी कद्र नहीं करती। उसे गरीब का दुख-दर्द कभी समझ नहीं आता, इसलिए जब तक कांग्रेस केंद्र सरकार में रही, वो गरीबों के हक का पैसा लूटकर खाती रही। अपने नेताओं की तिजोरी में भरती रही। वर्ष 2014 में सरकार में आने के बाद आपके इस बेटे ने गरीब कल्याण को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता बनाया। हमने अपने गरीब भाई-बहनों में यह विश्वास पैदा किया कि उनकी गरीबी दूर हो सकती है।

5 साल में साढ़े 13 करोड़ से ज्यादा लोग आए गरीबी से बाहर

उन्होंने कहा कि हमारे सेवाकाल में सिर्फ 5 साल में ही साढ़े 13 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर आए हैं। जो गरीबी से बाहर निकले हैं, वो आज मोदी को कोटि-कोटि आशीर्वाद दे रहे हैं। हमने ऐसी नीतियां बनाई कि हर गरीब अपनी गरीबी का खात्मा करने के लिए सबसे बड़ा सिपाही बनकर मोदी का साथी बन गया। भाजपा सरकार ने बहुत धैर्य और ईमानदारी से काम किया। मोदी के लिए देश की सबसे बड़ी जाति एक ही है गरीब, जो गरीब है, मोदी उसका सेवक है, उसका भाई है, उसका बेटा है।

मोदी 3

भाजपा के संकल्प पत्र के आगे कांग्रेस के झूठ का पुलिंदा

पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा की पूरी टीम ने आपके सपनों को सच बनाने वाला संकल्प पत्र कल ही जारी किया है। भाजपा के संकल्प पत्र के आगे कांग्रेस के झूठ का पुलिंदा भी है। कांग्रेस की प्राथमिकता है भ्रष्टाचार से अपनी तिजोरियां भरना। अपने चहेतों को नौकरियां बांटना, आपके बच्चों को नौकरियों से बाहर करना।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पीएससी घोटाले में यही किया। कांग्रेस सरकार के रिपोर्ट कार्ड में घोटालों की कमी नहीं है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने 9 हजार 500 करोड़ रुपये के घोटाले किए। इसमें 2 हजार करोड़ रुपये का शराब घोटाला, 500 करोड़ रुपये का सीमेंट घोटाला, 5 हजार करोड़ रुपये का चावल घोटाला, 1,300 करोड़ रुपये का गौठान घोटाला, 700 करोड़ रुपये का डीएमएफ घोटाला शामिल है।

जनता का पैसा लूटने वालों से लिया जाएगा पाई-पाई का हिसाब

पीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ को लूटने का कांग्रेस ने कोई भी मौका नहीं छोड़ा है, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद ऐसे घोटालों की सख्ती से जांच की जाएगी। आपका पैसा लूटने वालों को जेल भेजा जाएगा। उनसे पाई-पाई का हिसाब भी लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस से यहां की कानून व्यवस्था संभल नहीं रही है। इस अंधेरगर्दी से बाहर निकालने का काम सिर्फ भाजपा कर सकती है। आखिर मलकित सिंह और बिरनपुर के ईश्वर साहू का क्या दोष था। अगले पांच सालों में हमारे पास छत्तीसगढ़ को मजबूत राज्य में लाने का रोड मैप है। दिल्ली राजहरा की रेल लाइन जल्दी ही रावघाट तक पूरी की जाएगी। रायपुर-विशाखापट्नम, रायपुर-धनबाद कॉरिडोर से यहां के पर्यटन में और तेजी आएगी।