Haryana weather update: हरियाणा में शुक्रवार से अगले पांच दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ सकता है। गुरुवार को चली तेज हवाओं के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन अब हवाओं का असर कम होने से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग के अनुसार, 21 फरवरी से 26 फरवरी तक प्रदेश के सभी जिलों में शुष्क मौसम बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसके चलते हरियाणा को ग्रीन जोन में रखा गया है। इन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 16 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हालांकि, 27 और 28 फरवरी को आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
हरियाणा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। शनिवार और रविवार को तापमान क्रमशः 23-24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 24 फरवरी के बाद तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों, खासकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी है। अगले दो दिनों तक इन इलाकों में और बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है, जिससे हरियाणा और पंजाब में हल्की ठंड महसूस की जा सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तराखंड में इसका ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, फरवरी में बढ़ रही गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। नमी बढ़ने के कारण सुबह हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है।