IND vs IRE दूसरा टी-20 आज, आयरलैंड से लगातार तीसरी बार जीत का मौका

खेल देश

भारत और आयरलैंड के बीच 3 टी-20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला आज डबलिन में खेला जाएगा। मुकाबला द विलेज स्टेडियम में भारतीय टाइमिंग के अनुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। शाम 7:00 बजे टॉस होगा।

दो बार मिल चुकी है टीम इंडिया को जीत

पहला मैच जीतकर भारत सीरीज में 1-0 से आगे है। भारतीय टीम के पास लगातार तीसरी बार आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज जीतने का मौका होगा। दोनों टीमों के बीच अब तक दो बार टी-20 सीरीज खेली गई है और दोनों बार टीम इंडिया को जीत मिली।

Whatsapp Channel Join

यशस्वी जायसवाल भारत के टॉप स्कोरर

पहले मैच में यशस्वी जायसवाल ने 24 रन बने थे। उनके बाद ऋतुराज गायकवाड ने 19 रन बनाए, लेकिन बारिश के कारण टीम इंडिया 6.5 ओवर ही बैटिंग कर सकी। तिलक वर्मा गोल्डन डक बनाकर पवेलियन लौटे थे और सैमसन भी एक रन के स्कोर पर नॉट आउट रहे थे।

अगर आज बारिश नहीं हुई तो टीम इंडिया के बाकी बैटर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। खासतौर पर पहले टी-20 में डेब्यू करने वाले रिंकू सिंह और वापसी कर रहे शिवम दुबे को तो एक भी गेंद खेलने का मौका नहीं मिला था।

बैरी मैक्कार्थी पर आयरलैंड की जिम्मेदारी

आयरलैंड के बैरी मैक्कार्थी ने नंबर-8 पर उतरकर 51 रन की पारी खेली थी। वहीं क्रैग यंग ने लगातार 2 गेंदों पर 2 विकेट लिए थे। टीम का टॉप ऑर्डर भारतीय गेंदबाजों के आगे बिखर गया था, लेकिन लोअर-ऑर्डर ने ही टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था।

एक नजर पहले मैच पर

टीम इंडिया और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार दो रन से जीत लिया था। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 139/7 का स्कोर बनाया था। टीम इंडिया ने इसके जवाब में 6.5 ओवर में 47/2 का स्कोर बनाया। इसके बाद बारिश आ गई और आगे का खेल नहीं हो सका। अंपायरों ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत टीम इंडिया को विजेता घोषित किया।

आयरलैंड की पारी पर एक नजर

इस मैच में पहले बल्लेबाजी आयरलैंड ने की लेकिन उनकी शुरुआत बेहद ही खराब रही। वहीं 327 दिन बाद वापसी कर रहे टीम इंडिया के कप्तान जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में एंड्रयू बालबर्नी और लोरन टकर को आउट कर दिया। इसके बाद कृष्णा ने हैरी टेक्टर और जॉर्ज डॉकरेल को पवेलियन भेजा। इसके बाद आयरलैंड की टीम पावरप्ले में चार विकेट खोकर सिर्फ 30 रन ही बना पाई।

साथ ही बीच के ओवरों में रवि बिश्नोई ने आयरलैंड कप्तान पॉल स्टलिंग और मार्क अडायर को आउट किया। बता दें कि आयरलैंड ने 31 रन पर ही पांच विकेट गंवा दी। वहीं मार्क अडायर और कर्टिस कैंफर ने 28 रन जोड़ कर टीम को थोड़ी बेहतर स्थिति में पहुंचाया।

मैकार्थी ने इस सीरीज के पहले मैच मे जड़ा अपने टी20 करियर का पहला अर्धशतक

कुल 59 रन पर आयरलैंड के छह विकेट गिर चुके थे। इसके बाद मैकार्थी ने कैंफर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन लास्ट में अर्शदीप ने कैंफर को 39 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इस मैच में मैकार्थी ने अपने टी20 करियर का पहला अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 33 गेंद में 51 रन बनाए और टीम का स्कोर 139/7 तक पहुंचाया। वहीं आखिरी ओवर में अर्शदीप ने 22 रन दिए।

अर्शदीप सिंह ने इस मैच में आखिरी ओवर डाला और 22 रन लुटा दिए। मैकार्थी ने उनके खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाया। अर्शदीप ने इस ओवर में एक नो बॉल और एक वाइड बॉल भी की जिस वजह से आयरलैंड की टीम 139 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही, जबकि 17वें ओवर में ही आयरलैंड ने 100 रन का आंकड़ा पार किया था। 19वें ओवर के बाद आरयलैंड का स्कोर 117/7 था।

यशस्वी-ऋतुराज ने की थी अच्छी शुरुआत

140 रन के लक्ष्य पर यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ ने भारत को अच्छी शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने 38 गेंद में 46 रन की साझेदारी की, लेकिन क्रैग यंग ने अपने पहले ही ओवर में पहले यशस्वी को और अगली ही गेंद पर तिलक वर्मा (0) को आउट कर दिया। गायकवाड़ 16 गेंद में 19 रन बनाकर और संजू सैमसन 1 रन पर नाबाद थे, उस दौरान बारिश आने से खेल रोक दिया गया। आगे का खेल नहीं हो सका और भारत ने जीत हासिल की।