भारत की जूनियर हॉकी टीम ने एशिया कप 2024 का खिताब जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 5-3 से हराया। यह मैच ओमान की राजधानी मस्कट में खेला गया, जहां भारत के अरायजीत सिंह हुंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल किए।
हुंडल ने मैच के चौथे, 18वें और 54वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल किए, जबकि 47वें मिनट में फील्ड गोल भी दागा। भारत का एक और गोल दिलराज सिंह ने 19वें मिनट में किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, क्योंकि पाकिस्तान ने मैच के तीसरे मिनट में शाहिद के गोल से 1-0 की बढ़त बनाई। लेकिन अगले ही मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और हुंडल ने गोल कर भारत को 1-1 से बराबरी दिला दी। इसके बाद हुंडल और दिलराज के गोल से भारत ने 3-1 की बढ़त बना ली।
हालांकि, पाकिस्तान ने वापसी की और सूफियान ने दो पेनल्टी कॉर्नरों को गोल में बदला, जिससे स्कोर 3-3 हो गया। अंतिम क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल दिखाया और हुंडल के गोल की बदौलत 5-3 से मैच जीत लिया। भारत ने यह टूर्नामेंट पांचवीं बार जीता है, इससे पहले 2004, 2008, 2015 और 2023 में भी भारत ने इस खिताब को जीता था।