Punjab Municipal Election 2023 : पंजाब के 5 नगर निगमों में चुनाव करवाने को लेकर राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और फगवाड़ा में नगर निगम चुनाव होना है। अधिसूचना में 15 नवंबर से पहले इन पांचों नगर निगमों में चुनाव संपन्न कराने की बात कही गई है।
पंजाब के गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित के आदेशों के बाद इन पांचों नगर निगमों में चुनाव की तैयारी का काम शुरू हो चुका है। वहीं पंजाब सरकार के स्थानीय निकाय विभाग ने चुनाव करनाने के बारे औपचारिक अधिसूचना के साथ राज्य चुनाव आयोग को सूचित कर दिया है। जिसके बाद राज्य चुनाव आयोग की ओर से पांचों नगर निगमों में चुनाव को लेकर शेड्यूल जारी किया जाएगा।
39 नगर परिषदों व नगर पंचायतों के 27 वार्डों में उपचुनाव को भी मंजूरी
बता दें कि पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने राज्य में नगर परिषद और नगर पंचायतों के चुनाव को हरी झंडी दे दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार पंजाब में यह चुनाव 1 से 15 नवंबर तक कराए जाएंगे। राज्यपाल ने इसके साथ ही 39 नगर परिषदों व नगर पंचायतों के 27 वार्डों में उपचुनाव कराने की भी मंजूरी दे दी है।
वहीं चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होने के बाद अब सभी दलों की निगाहें नगर निगम चुनाव पर टिक गई हैं। पंजाब में कई नगर निगम अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, लेकिन अभी तक वहां चुनाव नहीं हुए हैं। निगमों में वार्डबंदी का काम चल रहा था। लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे।

मेयर और पार्षदों का जनवरी में समाप्त हो गया कार्यकाल
जहां पंजाब के पांच निगमों के चुनाव की तैयारी का काम भी शुरू हो गया है। वहीं स्थानीय निकाय विभाग ने चुनाव कराने को लेकर राज्य चुनाव आयोग को औपचारिक पत्र भेज दिया है। अमृतसर, पटियाला, जालंधर और लुधियाना के मेयर और पार्षदों का कार्यकाल इस साल जनवरी में समाप्त हो गया था, जबकि फगवाड़ा नगर निगम के अस्तित्व में आने के बाद से एक बार चुनाव हुए हैं। राज्य सरकार ने इन निगमों में वॉर्डबंदी आदि का काम पूरा कर लिया है।
चुनाव आयोग की मोहर का इंतजार
बता दें कि दिसंबर 2022 से फरवरी 2023 के बीच 34 नगर परिषदों और नगर पंचायतों का कार्यकाल भी समाप्त हो चुका है। चुनाव आयोग के अंतिम फैसले के बाद नगर निगम चुनाव की तारीख तय हो जाएगी और उसी के अनुसार चुनाव कराए जाएंगे।