➤ साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप ने अलग होने का ऐलान किया
➤ इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सार्वजनिक किया गया फैसला
➤ दोनों की प्रेम कहानी बैडमिंटन कोर्ट से शुरू हुई थी
बैडमिंटन की स्टार खिलाड़ी साइना नेहवाल ने अपने पति पारुपल्ली कश्यप से अलग होने की घोषणा कर दी है। इस बात की जानकारी साइना ने सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए साझा की, जिसमें उन्होंने भावुक नोट लिखते हुए कहा कि दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है।
साइना ने लिखा, “जिंदगी हमें कभी-कभी अलग रास्तों पर ले जाती है। काफी विचार के बाद, मैंने और पारुपल्ली कश्यप ने अलग होने का फैसला किया है। हमने एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और स्वस्थ जीवन को चुनने का निर्णय लिया है। मैं इन यादगार पलों के लिए आभारी हूं और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस समय हमारी प्राइवेसी को समझने और सम्मान देने के लिए धन्यवाद।”
दोनों की प्रेम कहानी बैडमिंटन कोर्ट से शुरू हुई थी। साइना और कश्यप की मुलाकात हैदराबाद की पुलेला गोपीचंद एकेडमी में हुई थी, जहां उन्होंने एक साथ ट्रेनिंग ली। दोस्ती से शुरू हुआ ये रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदला और 14 दिसंबर 2018 को दोनों ने शादी की।
साइना हरियाणा के हिसार में जन्मी हैं और पारुपल्ली कश्यप से तीन साल छोटी हैं। शादी के समय साइना की उम्र 28 और कश्यप की 31 थी। 2020 में साइना ने राजनीति में प्रवेश कर बीजेपी जॉइन की थी।
साइना नेहवाल का बैडमिंटन करियर बेहद गौरवशाली रहा है।
उन्होंने 2005 में सिर्फ 15 साल की उम्र में एशियाई सैटेलाइट टूर्नामेंट जीतकर अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की।
2012 लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर साइना ने भारत का नाम रोशन किया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने तीन गोल्ड मेडल अपने नाम किए —
- 2010, दिल्ली (विमेंस सिंगल)
- 2018, गोल्ड कोस्ट (विमेंस सिंगल)
- 2018, गोल्ड कोस्ट (मिक्स्ड डबल)
2015 में साइना दुनिया की नंबर-1 बैडमिंटन प्लेयर बनीं, जो किसी भी भारतीय महिला के लिए पहली बार था।
वहीं पारुपल्ली कश्यप ने 2014 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में मेंस सिंगल गोल्ड मेडल जीता था। वह 2013 में वर्ल्ड रैंकिंग में छठे स्थान तक पहुंचे थे, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग थी।