- कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की अचानक तबीयत बिगड़ी, IGMC शिमला में भर्ती कराया गया
- डॉक्टरों की टीम कर रही है जांच, अब तक बीमारी की स्थिति स्पष्ट नहीं
- 2 जून से शिमला के छराबड़ा फार्महाउस में रह रही थीं प्रियंका गांधी के साथ
Sonia Gandhi admitted Shimla IGMC: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की जांच कर रही है। फिलहाल यह जानकारी नहीं दी गई है कि सोनिया गांधी को कौन सी स्वास्थ्य समस्या हुई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, उनकी हालत को लेकर चिकित्सकों ने सावधानी बरती है।
सोनिया गांधी हाल ही में 2 जून को अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ शिमला आई थीं। वह यहां छराबड़ा स्थित अपने निजी फार्म हाउस में ठहरी हुई थीं, जहां से आज अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें IGMC लाया गया।
अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया है। कांग्रेस पार्टी की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे आमजन और समर्थकों की चिंता बढ़ गई है। IGMC में डॉक्टरों की एक विशेष टीम सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है और लगातार टेस्ट किए जा रहे हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब सोनिया गांधी शिमला आई हों। वे पहले भी स्वास्थ्य लाभ के लिए हिमाचल के शांत वातावरण में कुछ दिन बिताती रही हैं। प्रियंका गांधी का यह फार्म हाउस लंबे समय से गांधी परिवार के निजी रिट्रीट के तौर पर जाना जाता है।