Kisan Andolan 2 Live : अम्बाला-पंजाब पर मौजूद शंभू बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं। जिससे किसानों में अफरा-तफरी का माहौल बना है। आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद किसानों में भगदड़ का माहौल है। पूरा इलाका सफेद चादर में लिपट चुका है। शंभू बॉर्डर पर किसान और पुलिस आमने-सामने हो चुके हैं। किसानों का अंबाला राजमार्ग पर पंजाब-हरियाणा शंभू सीमा की ओर दिल्ली कूच जारी है। सड़कों पर किसानों का बड़ा हुजूम देखा जा सकता है।
गौरतलब है कि आज से किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली कूच पर हैं। इसी कारण से हरियाणा सरकार की ओर से शंभू बॉर्डर को सील कर दिया गया है। किसानों के दिल्ली चलो मार्च के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरियाणा के विभिन्न बॉर्डरों पर कंक्रीट स्लैब, कंटीले तार लगाए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती की गई है। बता दें कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी को लेकर कानून बनाने सहित विभिन्न मांगों के लिए पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों ने राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन की पूरी तैयारी कर ली है। किसान अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए सड़कों पर उतर चुके हैं।

शंभू बॉर्डर पर हजारों किसान और फोर्स आमने-सामने, पुलिस पर पथराव
शंभू बॉर्डर पर किसानों का प्रदर्शन जारी है। इस दौरान किसान और पुलिस जवान आमने-सामने हो गए हैं। पुलिस पर पथराव किया गया है। जिसके बाद पुलिस ने कई बार आंसू गैस के गोले छोड़े है।

आंसू गैस के गोलों के कारण किसान एक बार पीछे हटे, लेकिन धुंआ कम होते से किसान तुंरत सामने आ गए और फिर से आगे की ओर बढ़ने लगे। बता दें कि मौके पर अभी हजारों किसान, फतेहगढ़ साहिब से पांच हजार से अधिक ट्रैक्टर अभी रास्ते में हैं।

पंजाब-दिल्ली जाने वाली फ्लाइटों की कीमतों में बढ़ोतरी
गौरतलब है कि आज पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान संगठन अपनी मांगों को लेकर दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। एक बार फिर किसान वर्ष 2021 के प्रदर्शन की तरह अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतर चुके हैं। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए राज्यों की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

साथ ही किसानों का प्रदर्शन का असर हवाई टिकटों पर भी पड़ रहा है। किसान आंदोलन के चलते पंजाब से दिल्ली जाने वाली फ्लाइटों की कीमत तीस हजार तक पहुंच चुकी है। कल तक यह कीमत 3 से 3500 रुपये तक थी।