भारक के यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित इस सर्विस को मोदी सरकार ने 2016 में लांच किया था। भारत का यूपीआई ग्लोबल होता जा रहा है और कई देशों ने इसे अपनाने में दिलचस्पी दिखाई है। अब इसका और विस्तार होने जा रहा है। इसी के तहत मॉरिशस और श्रीलंका में भी यूजर्स यूपीआई का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार दोपहर 1 बजे दोनों देशों में इस सर्विस को लॉन्च किया है।
श्रीलंका और मॉरीशस में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस या यूपीआई सेवा लॉन्च कर दी गई है। इन देशों में यूपीआई सेवा लांच होने से श्रीलंका और मॉरीशस जाने वाले भारतीय नागरिकों को आसानी होगी। इसके साथ-ही भारत आने वाले श्रीलंका और मॉरीशस के नागरिको भी यहां भुगतान में आसानी हो जाएगी। वे यूपीआई के जरिए आसानी से भुगतान कर सकेंगे। आपको याद होगा इसी माह में फ्रांस में भी यूपीआई सेवा की शुरुआत की गई है। लॉन्च के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूपीआई ने भुगतान को बेहद सुगम बना दिया है। यह विभिन्न देशों को भारत से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर मोदी के साथ श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रम सिंघे और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनौथ के साथ तीनों देशों के सेंट्रल बैंक के गवर्नर भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने मॉरिशस में यूपीआई सेवा के साथ रुपे कार्ड सर्विस भी लॉन्च की है।
यूपीआई के साथ रुपे की भी सुविधा
विदेश मंत्रालय द्वारा रविवार को इस लॉन्च के बारे में एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए जानकारी शेयर की गई थी। श्रीलंका और मॉरिशस में यूपीआई सर्विसेज लॉन्च होने के बाद दोनों देश के लोग अपने-अपने यहां इसका इस्तेमाल कर पाएंगे। इसके अलावा भारत से मॉरिशस और श्रीलंका जाने वाले पर्यटक और वहां से भारत आने वाले टूरिस्ट भी इसके जरिए पेमेंट कर पाएंगे। मॉरिशस में सिर्फ यूपीआई ही नहीं बल्कि रुपे कार्ड सर्विस भी लॉन्च की जाएगी।
अब मॉरिशस के बैंक अपने यहां रुपे प्रणाली पर आधारित कार्ड जारी कर पाएंगे। इससे दोनों देशों के लोग इन कार्ड्स के जरिए मिलने वाली सेवाओं का इस्तेमाल कर पाएंगे। उल्लेखनीय है कि दो फरवरी को फ्रांस में भारतीय दूतावास ने पेरिस स्थित एफिल टावर पर यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) को औपचारिक रूप से लॉन्च किया था। इसे लांच करने के लिए एफिल टॉवर का चुनाव इसलिए किया गया है क्योंकि भारतीय पर्यटकों के लिए एफिल टॉवर सबसे पसंदीदा स्थान है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के बाद यह लॉन्चिंग की गई थी। बता दें कि बीती 25 जनवरी को मैक्रों जयपुर पहुंचे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें यूपीआई भुगतान प्रणाली के बारे में जानकारी दी थी। इसे बेहद सुविधाजनक पाकर मैक्रों ने इसे फ्रांस में भी ले जाने की बात कही थी। बता दें कि यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस यानी यूपीआई को 2016 में लॉन्च किया गया। इसे नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने बनाया है। यूपीआई के माध्यम से पैसे आसानी से किसी दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर किए जा सकते हैं।

