weather 10 3

हरियाणा में बारिश ने मचाई तबाही! 6 की मौत

MONSOON हरियाणा

➤हरियाणा में मध्यम स्तर पर बारिश
➤पंचकूला और यमुनानगर में यलो अलर्ट जारी
➤शनिवार को बारिश से 6 मौतें करंट व डूबने से हुईं

हरियाणा में मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से पंचकूला और यमुनानगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद और कैथल में 0 से 25 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 25 से 50 प्रतिशत बारिश होने की संभावना जताई गई है। सिरसा में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

शनिवार को हुई तेज बारिश ने प्रदेश के कई इलाकों में तबाही मचा दी। गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद, पानीपत, करनाल, झज्जर, जींद, सोनीपत, महेंद्रगढ़ के नारनौल और चरखी दादरी में बारिश दर्ज की गई। खासतौर पर सोनीपत और फरीदाबाद में हालात बिगड़ गए, जहां दो अंडरपास बारिश में डूब गए। बारिश के कारण करंट लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। दादरी में तालाब में डूबने से एक व्यक्ति की भी जान चली गई। इस मानसून सीजन में प्रदेश में सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई है, जिसमें सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में और सबसे कम कैथल में हुई है।

Whatsapp Channel Join

शनिवार को हुई बड़ी घटनाओं में फरीदाबाद का आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पानी से भर गया जबकि बल्लभगढ़ का बस स्टैंड भी डूब गया। सोनीपत में रेलवे अंडरपास में 2 से 3 फीट पानी भर गया, जिससे कई वाहन फंस गए। झज्जर में 33 केवी पावर हाउस में ब्लास्ट हुआ जिससे लगभग साढ़े 6 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद के कठवा गांव के आस-पास मारकंडा नदी का पानी खेतों में भर गया, जिसके कारण सात गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया।

कैथल के बात्ता गांव के पास रोडवेज बस फिसलकर सड़क से नीचे उतर गई, जिसमें लगभग 60 यात्री सवार थे। चालक ने बताया कि ट्रक के अचानक सामने बैलगाड़ी आने से ब्रेक लगाने पर बस फिसली। झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बिजली के करंट लगने से तीन मौतें हुईं। झज्जर के गांव गोरिया में टूटे बिजली के तार को हटाते समय बज्जू नामक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, वहीं फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी करंट लगने से दो और लोगों की मौत हुई।

आगामी दिनों का मौसम

  • 11 अगस्त को सिरसा व फतेहाबाद में 0-25% बारिश, अन्य कई जिलों में 25-50% और महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल में 50-75% बारिश के आसार हैं।
  • 12 अगस्त को सिरसा में मौसम साफ रहेगा। फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र में हल्की बारिश, जबकि अन्य कई इलाकों में 25-50% बारिश का अनुमान है।
  • 13 अगस्त को पंचकूला और यमुनानगर में यलो अलर्ट, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, जींद में 0-25% और कई जिलों में 25-50% बारिश की संभावना बनी रहेगी।

प्रदेश में जारी बारिश ने किसानों और आम जनता के लिए राहत भी दी है लेकिन भारी बारिश के कारण जलभराव और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। प्रशासन को सतर्क रहने और बचाव के इंतजाम मजबूत करने की आवश्यकता है।