weather 40 1

हरियाणा में मानसून का कहर: खतरे के निशान पर नदियाँ हर तरफ तबाही का मंजर

MONSOON हरियाणा

➤हरियाणा के 16+ जिलों में बारिश का रेड अलर्ट
➤हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर डेंजर लेवल के पास पहुँचा
➤यमुनानगर में सर्वाधिक और सिरसा में सबसे कम बारिश दर्ज

हरियाणा में मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय है। राज्य के 16 से अधिक जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तेज़ बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है, सड़कें जलमग्न हो गई हैं और कई स्थानों पर हादसों की खबरें भी सामने आई हैं।

मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किए गए जिले हैं — पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात (नूंह), रेवाड़ी और महेंद्रगढ़। इन सभी इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं और बारिश हो सकती है।

Whatsapp Channel Join

हथिनीकुंड बैराज पर पानी खतरे के करीब

बुधवार सुबह हथिनीकुंड बैराज पर इस मानसून का अब तक का सबसे ज्यादा 73,749 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। सिंचाई विभाग के अनुसार जब जलप्रवाह 1 लाख क्यूसेक को पार करता है, तभी इसे ‘मिनी फ्लड’ माना जाता है। हालांकि फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन पूर्वी और पश्चिमी यमुनानहरों को एहतियातन बंद कर दिया गया है और सारा पानी दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया है।

उधर, हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते घग्गर नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है, जो खतरे के निशान के नजदीक पहुँच गया है।

भूस्खलन और मौतों की घटनाएं

मोरनी हिल्स में बुधवार को हुई भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड हो गया। रायपुर रानी से मोरनी की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग मलबे और गिरे पेड़ों से पूरी तरह बंद हो गया है।

रोहतक के महम क्षेत्र में खेत में काम कर रहे एक युवक की डूबने से मौत हो गई, वहीं एक अन्य 3 साल के मासूम बच्चे को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी जान चली गई। ये घटनाएं मानसून की गंभीरता और तैयारियों पर सवाल खड़े करती हैं।

बारिश के आँकड़े और क्षेत्रीय स्थिति

इस बार हरियाणा में मानसून अब तक औसतन 19% अधिक बारिश दे चुका है। लेकिन आंकड़ों में काफी असमानता है।

  • यमुनानगर में अब तक सबसे ज्यादा 619.6 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
  • रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और नूंह (मेवात) में भी औसत से 70% ज्यादा वर्षा हुई है।
  • इसके उलट कैथल (149.9 एमएम), जींद (154.7 एमएम) और सिरसा (154.7 एमएम) में बेहद कम बारिश हुई है।

आने वाले 3 दिन का पूर्वानुमान (7 से 9 अगस्त):

  • 7 अगस्त: 16 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश। सिरसा, हिसार, जींद, फतेहाबाद, कैथल, भिवानी में बारिश नहीं।
  • 8 अगस्त: उपरोक्त जिलों में मध्यम बारिश; कुछ शुष्क जिलों में हल्की फुहारें।
  • 9 अगस्त: यमुनानगर, हिसार, फतेहाबाद समेत पश्चिमी जिलों में भी बारिश; कुछ जिलों में हल्की वर्षा जारी रहेगी।

प्रशासन की अपील:

प्रशासन ने लोगों से नदी, नहरों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी है। खेतों और निम्न इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।