Haryana की 10 लोकसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। जितने भी वोटर शाम 6 बजे तक लाइन में लगे होंगे, सबको मतदान का मौका दिया जाएगा। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल ने वोट डालने के बाद कहा कि उन्होंने अपना वोट डाल दिया है, वह लोगों से भी लोकतंत्र के इस त्योहार में भाग लेने की अपील करते हैं। साथ ही भाजपा को वोट देने की अपील करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार उनके लिए कोई चुनौती नहीं है।
गौरतलब है कि हरियाणा में 2 करोड़ 76 हजार 768 वोटर हैं। वहीं 10 सीटों पर 223 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जिनमें एक पूर्व मुख्यमंत्री और 2 केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत आज शाम को ईवीएम में बंद हो जाएगी। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनुराग अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में कुल 20031 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 19812 स्थाई तथा 219 अस्थाई मतदान केंद्र शामिल हैं। शहरी क्षेत्रों में 5470 तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 14342 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 176 आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। 99 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जो पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा हरियाणा में 96 मतदान केंद्र यूथ कर्मचारी तथा 71 मतदान केंद्र दिव्यांग कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पैतृक गांव मिर्जापुर, नारायणगढ़ में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। मुख्यमंत्री सैनी करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार हैं। इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पैतृक गांव मिर्जापुर में एक गुरुद्वारे में प्रार्थना की। वहीं भाजपा प्रत्याशी नवीन जयहिंद ने अपनी पत्नी के साथ बूथ पर पहुंचकर मतदान किया।

अपना वोट डालने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वह हरियाणा के लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील करते हैं। उन्हें बड़ी संख्या में बाहर आकर मतदान करना चाहिए। हरियाणा सभी 10 लोकसभा सीटों पर करनाल की एक विधानसभा सीट देगा। भाजपा और पीएम मोदी को मजबूत करेंगे।

वहीं रोहतक में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने परिवार के साथ पैतृक गांव सांघी स्थित बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। इस दौरान हुड्डा परिवार ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करने की अपील की।

वहीं जननायक जनता पार्टी के नेता एवं हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा के सिरसा में एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई। उन्होंने कहा कि वह लोगों से अपील करते हैं कि वह बाहर आएं और वोट देने के अपने अधिकार का प्रयोग करें और बदलाव के लिए वोट करें।

जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, हिसार प्रत्याशी नैना सिंह चौटाला, जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला व परिवार के सभी सदस्यों ने सिरसा के बाल भवन स्थित बूथ नंबर 20 पर अपने मत का प्रयोग किया।

वहीं हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा अपने परिवार के साथ फरीदाबाद के सेक्टर 2 स्थित सामुदायिक भवन में मतदान करने पहुंचे। उन्होंने मतदान करने के बाद सभी से वोटिंग करने का आह्वान किया। उधर फरीदाबाद से लोकसभा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर ने अपने परिवार के साथ वोट डाला। उन्होंने कहा कि देश के मुद्दों और राष्ट्रीय हित के लिए मतदान किया गया है।

उधर कुरुक्षेत्र में कतारों में लगकर लोग लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान कर रहे हैं। सुबह से ही लोगों में भारी उत्साह है। कुरुक्षेत्र पहुंचे गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गांव मिर्जापुर में परिवार सहित मतदान किया। आचार्य देवव्रत ने कहा कि लोकतंत्र का पर्व चल रहा है। प्रत्येक व्यस्क नागरिक को मतदान अवश्य करना चाहिए। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुशील गुप्ता ने कैथल के बूथों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सुशील गुप्ता ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने का आह्वान किया।

हिसार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता वोट डालने के लिए पहुंचे। उन्होंने आम जनता के साथ बूथ के बाहर लाइन में लगकर मतदान किया। उधर भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई भी अपने बेटे एवं आदमपुर से विधायक भव्य बिश्नोई और पत्नी के साथ वोट डालने बूथ पर पहुंचे हैं। हिसार में अब तक 7.44 फीसदी मतदान हुआ है। हिसार में मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारे देखने को मिल रही है। सबसे आगे नलवा विधानसभा है, यहां अब तक 10 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे धीमा मतदान बरवाला में 5.10 फीसदी, आदमपुर में 6.10 प्रतिशत, बवानीखेड़ा में 7 फीसदी, हांसी में 7.80 प्रतिशत, नारनौंद में 6.50 फीसदी, उचाना में 8.90 प्रतिशत और उकलाना में 6.70 फीसदी मतदान हुआ है।

पानीपत में जनसेवक शशिकांत कौशिक ने अपने पूरे परिवार के साथ समालखा विधानसभा के अंतर्गत गांव चुलकाना के बूथ नंबर 191 में पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि हमारा मतदान नरेंद्र मोदी की सेवाओं को समर्पित, विकसित भारत की ओर एक कदम है। वहीं पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने गांव उग्राखेड़ी, उझा, सनौली, छाजपुर, नवादा आर, गढ़ी बेसिक, राणा माजरा, बराना, बबैल, राजाखेड़ी और कुटानी गांव में पोलिंग स्टेशन पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला पानीपत पुलिस द्वारा लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, स्वतंत्र व भय मुक्त माहौल में संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए है।
हरियाणा में कैमरे की नजर से मतदान की झलकियां




















