हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव Abhay Singh Chautala ने रविवार को चुनावी थकान मिटाने के लिए सिरसा स्थित अपने निवास पर पोते उधम सिंह के साथ पूरा दिन बिताया।
उन्होंने कहा कि वे स्वतंत्रता सेनानी सरदार उधम सिंह से बेहद प्रभावित रहे हैं, इसलिए अपने पोते का नाम उनके नाम पर रखा और चाहते हैं कि उनका पोता भी देश के लिए ऐसा ही योगदान दे। वहीं इनेलो सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने तेजा खेड़ा फार्म में आराम किया।
अभय सिंह चौटाला ने बहन मायावती और बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद द्वारा किए गए प्रचार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके प्रचार से गठबंधन को बड़ा लाभ मिला है, और सर्वसमाज सहित दलित समाज ने पूरी निष्ठा से इनेलो-बसपा गठबंधन को अपना समर्थन दिया।
कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना
अभय सिंह चौटाला ने इनेलो और बसपा के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि गठबंधन ने चुनाव प्रचार के दौरान लोकहित के मुद्दे उठाए, जबकि भाजपा और कांग्रेस जात-पात और भेदभाव की राजनीति में उलझे रहे।
एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं, किंगमेकर बनने का दावा
अभय सिंह चौटाला ने एग्जिट पोल को गलत बताया और विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम इनेलो-बसपा गठबंधन के पक्ष में आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस को पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा, और इनेलो-बसपा गठबंधन किंगमेकर की भूमिका निभाएगा।