हरियाणा के रोहतक जिले की महम विधानसभा सीट से चुनाव हारने वाले पूर्व विधायक Balraj Kundu ने लड़कियों के लिए चल रही मुफ्त बस सेवा को बंद कर दिया है। हरियाणा जनसेवक पार्टी (हजपा) के नेता कुंडू ने हार के बाद कहा कि अब नए विधायक बसों का संचालन करें।
चुनाव हारने के बाद कुंडू ने अपने समर्थकों के साथ एक बैठक की, जिसमें उन्होंने अपने क्षेत्र के वोटरों पर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि उन्होंने लड़कियों के लिए मुफ्त बसें चलाईं, इसके बावजूद उन्हें हरवा दिया गया।
कुंडू के अनुसार, समर्थकों के दबाव के चलते उन्होंने 18 मुफ्त बसों की सेवा बंद कर दी है, जो महम और रोहतक के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक 40 से 42 गांवों की लड़कियों को लाती और ले जाती थीं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के लिए किए गए उनके प्रयासों को वोटरों ने गलत तरीके से समझा, जिससे उनका मन आहत है।
बलराज कुंडू ने साल 2017-18 में इस मुफ्त बस सेवा की शुरुआत की थी, जो धीरे-धीरे बढ़कर 18 बसों तक पहुंच गई। इन बसों से लड़कियों को सुरक्षित और निशुल्क यात्रा की सुविधा मिल रही थी, जिससे परिवार पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ता था। अब बसों के बंद होने के बाद छात्राओं को रोडवेज बस, प्राइवेट बस, ऑटो या निजी वाहन से रोहतक आना-जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
महम से निर्दलीय उम्मीदवार रहीं राधा अहलावत ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव हारने के तुरंत बाद ही बलराज कुंडू ने लड़कियों के लिए बस सेवा बंद कर दी, जबकि उनके परिवार ने 5 चुनाव हारे हैं, फिर भी वे जनता की सेवा में लगे रहे। उन्होंने कुंडू पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सच्चाई अब लोगों के सामने आ गई है।







