लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने 5वीं लिस्ट में हरियाणा की बची सीटों पर अपने उम्मीदवारों का खुलासा कर दिया है। इन सीटों में हिसार, कुरुक्षेत्र, सोनीपत और रोहतक लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बता दें कि रोहतक सीट पर डॉ. अरविंद शर्मा को दोबारा मौका दिया गया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र और हिसार से रणजीत चौटाला को चुनावी रण में उतारा गया है।
वहीं सोनीपत सीट पर मौजूदा सांसद रमेश चंद्र कौशिक को झटका देते हुए उनका पत्ता साफ कर दिया गया है। अब उनकी टिकट काट राई से विधायक एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली को मैदान में उतारा गया है। गौरतलब है कि कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से मैदान में उतारे गए नवीन जिंदल ने रविवार शाम को नई दिल्ली में भाजपा का दामन थामते हुए सदस्यता ग्रहण की थी। अब उन्हें कुरुक्षेत्र सीट पर इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला और कांग्रेस-आप गठबंधन के प्रत्याशी सुशील गुप्ता के सामने चुनावी रण में उतारा गया है।

बताया जाता है कि हरियाणा के कैबिनेट मंत्री एवं निर्दलीय विधायक रणजीत चौटाला रविवार को सिरसा में थे। भाजपा हाईकमान का फोन आने के बाद वह आनन-फानन में सिरसा भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां अशोक तंवर ने पटका पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया।

बता दें कि रणजीत चौटाला को भाजपा में शामिल करवाने का फैसला इतना जल्दबाजी में लिया गया कि उनका स्वागत करने के लिए सिरसा में पार्टी का कोई बड़ा नेता मौजूद नहीं था। वहीं करीब दो माह पहले आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए अशोक तंवर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई। भाजपा अशोक तंवर को सिरसा लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार बना चुकी है।




