BJP

Haryana विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने टिकटों की सूची हाईकमान के पास भेजी, नए चेहरों पर होगा जोर

राजनीति दिल्ली बड़ी ख़बर विधानसभा चुनाव हरियाणा

हरियाणा में BJP ने विधानसभा चुनाव के लिए 300 से अधिक उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची दिल्ली भेजी है। इस सूची में कुछ सीटों के लिए 2 से 3 नाम, जबकि कुछ सीटों पर 5 नाम शामिल हैं। पार्टी के सर्वे की सूची भी जल्द ही हाईकमान के पास जाएगी।

दिल्ली में भाजपा की चुनाव समिति इन नामों पर विचार करेगी। हरियाणा के प्रभारी सतीश पूनिया, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी बिप्लब देव ने विभिन्न वर्गों से राय लेने के लिए कई बैठकें की हैं।

युवा और महिला उम्मीदवारों पर विशेष ध्यान
इस बार टिकट वितरण में युवा और महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। गुरुग्राम में दो दिन की बैठक के दौरान भाजपा ने जिला वार तैयारियों पर चर्चा की। गुरुवार को 5 जिलों पर चर्चा हुई, जबकि आज 17 जिलों पर चर्चा की जाएगी।

Whatsapp Channel Join

पहली सूची जल्द जारी होने की संभावना
बैठक में प्रदेश के बड़े नेता शामिल हुए हैं। पार्टी ने जिन 41 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी, उन पर खास फोकस किया जा रहा है। इसके अलावा, पिछले चुनाव में हारी हुई सीटों पर भी टिकटार्थियों ने कड़ी मेहनत की है, जिससे पार्टी को अच्छे परिणाम मिलने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, अगस्त के आखिरी सप्ताह में भाजपा की पहली सूची जारी हो सकती है।

मंत्रियों और विधायकों पर संकट के बादल
पार्टी इस बार युवा चेहरों को अधिक मौका देना चाहती है, जिससे तीसरी बार सत्ता में वापसी की जा सके। इस कारण, वर्तमान विधायकों और मंत्रियों के टिकट कट सकते हैं। अनुमान है कि 24 सीटों पर नए चेहरे उतारे जा सकते हैं।

कांग्रेस भी करेगी मंथन
विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी का मंथन 26 अगस्त से नई दिल्ली में शुरू होगा। स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने बैठक बुलाई है, जिसमें चार दिनों तक उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा होगी। 31 अगस्त को कांग्रेस अपनी पहली सूची जारी कर सकती है।

AAP, जजपा और इनेलो-बसपा भी करेंगे घोषणा
आम आदमी पार्टी (AAP) 31 अगस्त से पहले अपने सभी उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती है। 2019 में 47 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली AAP इस बार सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

इनेलो-बसपा गठबंधन 37:53 के फार्मूले पर चुनाव लड़ेगा, जिसमें बसपा 37 और इनेलो 53 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इनेलो सितंबर के पहले सप्ताह में अपनी सूची जारी कर सकती है। जजपा (जननायक जनता पार्टी) जल्द ही अपनी दूसरी सूची जारी कर सकती है। इससे पहले जजपा ने एक सूची जारी की थी।

अन्य खबरें