Delhi New Cm : दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta होंगी। RSS ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसे भाजपा ने मान लिया है। प्रवेश वर्मा प्रस्तावक होंगे। पार्टी के दोनों पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ पार्टी दफ्तर में विधायकों से एक-एक करके बात की, फिर उनके नाम का ऐलान किया।
50 साल की रेखा गुप्ता जिंदल दिल्ली की नौवीं CM होंगी। दिल्ली की चौथी मुुख्यमंत्री के तौर पर RSS ने रेखा गुप्ता का नाम आगे बढ़ाया था और पार्टी ने उस पर मुहर लगा दी। रेखा ने छात्र राजनीति से करियर की शुरुआत की, दो बार विधायक का चुनाव हार चुकी हैं।
रेखा गुप्ता भी पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की तरह वैश्य हैं। दिल्ली में वैश्य समुदाय व्यापार में होल्ड रखता है। ये हमेशा बीजेपी का कोर वोटर माना जाता है। इसी वजह से भाजपा के तीन नेताओं के नाम सीएम पद की दौड़ में थे। इनमें रेखा गुप्ता के अलावा विजेंद्र गुप्ता और जीतेन्द्र महाजन का नाम था।
21 राज्यों में BJP की इकलौती महिला CM
दिल्ली में 27 साल बाद BJP बहुमत से चुनाव जीती है। जिसके बाद देश के 21 राज्यों में BJP या उनके गठबंधन की सरकार है। ऐसे में भाजपा दिल्ली में महिला सीएम का दांव चला है। इससे पहले AAP ने भी आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया था। भाजपा ने पहले सुषमा स्वराज को भी दिल्ली का CM बनाया था।

दिल्ली महिला विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 48 सीटें जीतीं, कुल 45.56% वोट मिला। इसका बड़ा कारण यह भी रहा कि भाजपा ने महिलाओं के लिए कई योजनाओं की घोषणा की थी।
कौन हैं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता का जन्म 1974 में जींद जिले के जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव में हुआ था। जब वे केवल दो साल की थीं, उनके पिता की नौकरी भारतीय स्टेट बैंक में बतौर मैनेजर दिल्ली में लगी, और पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। दिल्ली में पढ़ाई के दौरान रेखा गुप्ता ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़कर राजनीति में सक्रियता शुरू की और दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव व प्रधान भी रहीं।

हालांकि, अब उनके परिवार के लोग जुलाना की अनाज मंडी में आढ़त का काम करते हैं, लेकिन रेखा गुप्ता का अपने गांव और क्षेत्र से गहरा लगाव अभी भी बना हुआ है। वे समय-समय पर जुलाना आती रहती हैं। रेखा गुप्ता की 1998 में मनीष गुप्ता से शादी हुई थी। मनीष गुप्ता स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करते हैं।
रेखा गुप्ता पहली बार विधानसभा का चुनाव जीता है। वह शालीमार बाग सीट से विधायक चुनी गई है। उन्होंने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार वंदना कुमारी को 29,595 वोटों के बड़े अंतर से मात दी है।

रेखा गुप्ता बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की सक्रिय सदस्य हैं। संघ की छात्र शाका अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जरिये उन्होंने छात्र राजनीति में प्रवेश किया। 1994-95 में वह दौलत राम कॉलेज में सचिव चुनी गई। 1995-96 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की सचिव बनीं। 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं।
भाजपा में कई पदों पर रहीं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता 2003-2004 तक बीजेपी युवा मोर्चा दिल्ली में सचिव के पद पर रहीं। 2004-06 में वह युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव बनीं। अप्रैल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा वार्ड से बीजेपी के टिकट पर पार्षद बनीं। नगर निगम में पार्षद बनने के बाद उन्हें 2007-09 तक महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
मार्च, 2010 में उन्हें भाजपा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया। मौजूदा वक्त में वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। रेखा गुप्ता शालीमार बाग वार्ड से भी पार्षद रही हैं।

रेखा गुप्ता को 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से हार मिली थी। 2015 में उन्हें लगभग 11000 वोटों से वंदना कुमारी ने हराया था जबकि 2020 में उनकी हार का अंतर 3440 वोटों का था। लेकिन इस बार रेखा गुप्ता ने वंदना कुमारी को बहुत बड़े अंतर से चुनाव में शिकस्त दी है।
कल होगा शपथ ग्रहण समारोह
मुख्यमंत्री की शपथ गुरुवार (20 फरवरी) को रामलीला मैदान में दोपहर 12:35 बजे होगी। दिल्ली के मुख्य सचिव की तरफ से भेजे गए निमंत्रण में मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों की शपथ का भी जिक्र है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी दलित, पूर्वांचल और जाट का कॉम्बिनेशन बना सकती है। दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं। कार्यक्रम में 30 हजार मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।

रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन बड़े मंचों का निर्माण किया गया है। मुख्य स्टेज पर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, लेफ्टिनेंट गवर्नर और दिल्ली के मुख्यमंत्री बैठेंगे। दूसरे मंच पर धर्म गुरुओं को बैठने की जगह होगी। तीसरी मंच पर दिल्ली के मौजूदा सांसद और चुने हुए विधायक बैठेंगे। कल सुबह 11:15 पर यह कार्यक्रम शुरू होगा और 12: 25 पर खत्म होगा। फिल्मी सितारों को मंच के नीचे जगह दी गई है। कार्यक्रम में करीब 1.5 लाख लोगों के आने का इंतजार किया जा रहा है।

बीजेपी ने शपथ ग्रहण समारोह का नाम ‘विकसित दिल्ली शपथ समारोह’ रखा है। पार्टी ने पिछली आप सरकार पर आरोप लगाया था कि वो अपने कार्यकाल में अपने कर्तव्यों का पालन करने में नाकाम रही है। चुनावों से पहले, भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणापत्र ‘विकसित दिल्ली संकल्प’ में वादा किया था कि जब पार्टी सरकार बनाएगी, तो वह “दिल्ली को एक नई दिशा देगी।” इस वजह से बीजेपी ने शपथ ग्रहण समारोह का भी यही नाम रखा है।