हरियाणा के CM SAINI ने डीएससी समाज के महासम्मेलन में शिरकत की। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा, सुभाष बराला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बता दें कि रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय ‘मंगल कमल’ में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा कांग्रेस में अब केवल बाप-बेटे की जोड़ी बची है, और पार्टी से राष्ट्रीयता गायब हो चुकी है। विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है।
डीएससी समाज के मुद्दे पर चर्चा
मंत्री ने कहा कि डीएससी समाज अपने अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहा था। वर्ष 2020 में शिक्षा में वर्गीकरण किया गया, लेकिन रोजगार का मुद्दा अटका हुआ था। सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की बेंच ने डीएससी समाज के पक्ष में फैसला दिया, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा की तीसरी सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में लागू किया। मंत्री ने आगामी 24 नवंबर को एक सम्मेलन आयोजित करने की जानकारी दी, जिसमें सीएम का आभार व्यक्त किया जाएगा।
सम्मेलन की तैयारियां
मंत्री बेदी ने बताया कि रविवार को डीएससी समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक हुई, जिसमें विधायक, पूर्व विधायक, मंत्री, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं संत समाज शामिल हुए। बैठक में सम्मेलन की योजना और रूपरेखा पर चर्चा की गई। सम्मेलन का स्थान अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसे जल्द ही फाइनल किया जाएगा।
कांग्रेस और सुरजेवाला पर हमला
कांग्रेस नेता सुरजेवाला पर पूछे गए सवाल पर बेदी ने कहा कि वे उनके प्रवक्ता नहीं हैं। सुरजेवाला वही हैं, जिन्होंने भाजपा समर्थकों को ‘राक्षस’ कहा था। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और आपस में एक-दूसरे पर भड़ास निकाल रहे हैं।
भाजपा के विकास कार्य और योजनाएं
मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्य कर रही है। सभी विधायक और मंत्री अपने क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार उनकी उम्मीदों पर खरी उतरेगी।
नेताओं की उपस्थिति
इस कार्यक्रम में बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह बाल्मीकि, पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व विधायक जगदीश नायर और सरिता नारायण, डीएससी समाज के नेता स्वदेश किराड़, अनुसूचित जाति राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामावतार वाल्मीकि, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, भाजपा नेता अमरजीत सोलंकी, डॉ. बलवान सिंह, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका और अन्य नेता मौजूद रहे।







