रोहतक पहुंचे CM नायब सैनी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें दलित विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि जिस दिन उदयभान ने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की, उसी दिन हुड्डा उन्हें गाड़ी से उतार देंगे।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा से दलित विरोधी रहा है और उन्होंने दलितों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। सैनी ने यह भी कहा कि जब तक हुड्डा ने अपने दामाद को खुश रखा, तब तक उनकी कुर्सी सलामत रही, लेकिन जब दामाद नाराज हुआ तो उनकी कुर्सी हिल गई।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने अरविंद केजरीवाल को भी निशाने पर लेते हुए उन्हें “डॉन” करार दिया और कहा कि केजरीवाल को हरियाणा में ध्यान देने के बजाय पंजाब में जाकर किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदवानी चाहिए। सैनी का कहना है कि अब प्रदेश की जनता को न हुड्डा पर विश्वास है और न ही केजरीवाल पर। यह बयान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में ब्राह्मण संगठनों द्वारा भाजपा को समर्थन दिए जाने के कार्यक्रम के दौरान दिया।







