Haryana Congress Candidate List Released : कांग्रेस ने गुरुग्राम छोड़कर हरियाणा की 8 सीटों से कांग्रेस उम्मीदवार घोषित करते हुए करनाल सीट पर चौंकाने का काम किया है। इसके अलावा हिसार से भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए सांसद बृजेंद्र सिंह को टिकट नहीं देकर उनके अरमानों पर पानी फेरने का काम किया है। बता दें कि उनकी हिसार और सोनीपत सीट से टिकट मिलने की चर्चा थी। उनकी जगह हिसार से पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश और सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी को टिकट दी गई है।
वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ से कांग्रेस ने विधायक किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी को भी दरकिनार किया है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी राव दान सिंह को चुनावी रण में उतारा है। इसके अलावा करनाल सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने नया चेहरा उतारकर सभी को चौंकाने का काम किया है। यहां से उम्मीदवार माने जा रहे वीरेंद्र मराठा के सपने अब धरे के धरे रह गए हैं। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोटिंग की शुरुआत हो चुकी है। हालांकि विभिन्न दल अब भी कई राज्यों में अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। इसी क्रम में वीरवार रात कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा की 8 लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस द्वारा जारी की गई प्रत्याशियों की लिस्ट में कुमारी शैलजा और दीपेंद्र हुड्डा का भी नाम शामिल है।

वहीं कांग्रेस ने हरियाणा की 9 में से 8 लोकसभा सीटों में से उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। सिरसा से कुमारी शैलजा को टिकट दिया गया है, तो वहीं रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा अंबाला से वरुण चौधरी, हिसार से जयप्रकाश, करनाल से दिव्यांशु बुद्धिराजा, सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी, भीवानी-महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह, फरीदाबाद से महेंद्र प्रताप को लोकसभा चुनाव 2024 के रण में उतारा गया है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 का आयोजन कुल 7 चरणों में किया जा रहा है। हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर एक साथ ही मतदान होगा। यहां छठे चरण में 25 मई को मतदान कराया जाएगा। इसके साथ ही करनाल विधानसभा सीट पर भी इसी दिन उपचुनाव के तहत मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 4 जून को पूरे देश के साथ यहां भी मतगणना होगी और परिणामों का ऐलान किया जाएगा।

कब-कब हैं लोकसभा चुनाव?
पहला चरण- 19 अप्रैल
दूसरा चरण- 26 अप्रैल
तीसरा चरण- 7 मई
चौथा चरण- 13 मई
पाचवां चरण – 20 मई
छठा चरण- 25 मई
सातवां चरण – 1 जून
नतीजे- 4 जून