Lok Sabha Elections 2024 : हरियाणा (Haryana) में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन था। प्रचार का शोरगुल थमते ही अब निगाहें 25 मई पर हैं, जब जनता जर्नादन प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला पिटारे में बंद करेगी। हरियाणा में लोकसभा की सभी 10 सीटों पर चुनाव हो रहा है। यहां प्रमुख दलों में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, इंडियन लोक दल और जजपा शामिल है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन के तहत चुनावी मैदान में है तो वहीं चुनाव से दो महीने पहले ही भाजपा और जजपा ने आपसी गठजोड़ तोड़ दिया था। अब दोनों पार्टी अलग होकर चुनाव रण का बिगुल फूंक चुकी हैं।
लोकसभा चुनाव को लेकर हरियाणा में 25 मई को मतदान होगा। छठे चरण के मतदान से पहले चुनावी शोर यानि प्रचार पर लगाम लग चुकी है। प्रदेश में रोड शो, जनसभा, जुलूस सभी कार्यक्रमों पर पूरी तरह से रोक लग गई है। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद प्रदेशभर में साइलेंस पीरियड लागू हो गया है। मतदान से 48 घंटे पहले तक का समय साइलेंस पीरियड होता है। इस दौरान भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) की ओर से राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को प्रचार-प्रसार की अनुमति नहीं होती है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 के तहत यह समय सीमा वोटिंग के बाद स्वतः: समाप्त हो जाती है। चुनाव प्रचार पर लगे प्रतिबंध पर पुलिस और प्रशासन की नजर रहेगी।

वर्ष 2019 में कई दिग्गज नेताओं ने किया था हार का सामना
हरियाणा में 10 सीटें अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और फरीदाबाद है। जिन पर भाजपा और कांग्रेस के कई कद्दावर नेता चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल से लेकर कांग्रेस नेता एवं अभिनेता राज बब्बर, कांग्रेस राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा, राव इंद्रजीत सिंह और नवीन जिंदल शामिल हैं। नवीन जिंदल हाल ही में कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा में शामिल हुए हैं। वहीं मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री पद से त्याग देने के बाद लोकसभा का रूख किया है। बता दें कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करवाई थी। कांग्रेस के दिग्गत नेता माने जाने वाले भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा को हार का सामना करना पड़ा था।

साइलेंस पीरियड शुरू होने पर सर्वे चलाने पर प्रतिबंध
हरियाणा में वीरवार शाम से साइलेंस पीरियड शुरू होने के बाद टेलीविजन या अन्य प्लेटफॉर्म पर चुनाव से संबंधित किसी भी तरह के सर्वे चलाने पर प्रतिबंध होगा। धारा-126 के तहत ऐसे किसी भी काम की इजाजत नहीं होगी। जिससे चुनाव का रिजल्ट प्रभावित हो। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से राजनीतिक विज्ञापन भी नहीं चलेंगे। ईसीआई ने वर्ष 2022 में हुए 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले लागू किए गए नियमों को फिर से दोहराया है।
चुनाव आयोग ने उस समय कहा था कि टीवी, रेडियो चैनल, केबल नेटवर्क, इंटरनेट वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि साइलेंस पीरियड के दौरान किसी के विचार या अपील प्रसारित न हों। ऐसा न करने पर उसे किसी विशेष पार्टी या उम्मीदवारों की संभावना को बढ़ावा देने या चुनाव के परिणाम को प्रभावित के रूप में माना जाएगा।

हरियाणा में भाजपा-कांग्रेस के कौन हैं उम्मीदवार?
करनाल सीट पर भाजपा से मनोहर लाल और कांग्रेस से दिव्यांशु बुद्धिराजा।
सोनीपत सीट पर भाजपा से मोहनलाल बड़ौली और कांग्रेस से सतपाल ब्रह्मचारी।
रोहतक सीट पर भाजपा से डॉ. अरविंद शर्मा और कांग्रेस से दीपेंद्र सिंह हुड्डा।
अंबाला सीट पर भाजपा से बंतो कटारिया और कांग्रेस से वरुण चौधरी।
कुरुक्षेत्र सीट पर भाजपा ने नवीन जिंदल और आम आदमी पार्टी से सुशील गुप्ता।
सिरसा सीट पर भाजपा से अशोक तंवर और कांग्रेस से कुमारी शैलजा।
हिसार सीट पर भाजपा से रणजीत सिंह चौटाला और कांग्रेस से जयप्रकाश (जेपी)।
भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट पर भाजपा से धर्मबीर सिंह और कांग्रेस से राव दान सिंह।
गुरुग्राम सीट पर भाजपा से राव इंद्रजीत सिंह और कांग्रेस से राज बब्बर।
फरीदाबाद सीट पर भाजपा से कृष्णपाल गुर्जर और कांग्रेस से महेंद्र प्रताप सिंह।

अब प्रत्याशियों को वोट के लिए डोर टू डोर देनी होगी दस्तक
राज नेताओं से लेकर हर प्लेटफॉर्म से यह अपेक्षा की जाती है कि वह साइलेंस पीरियड लागू होने पर मतदाताओं को प्रभावित करने से बचें। आयोग की रिपोर्ट के अनुसार इस समय सीमा के लिए जिला मजिस्ट्रेट गैरकानूनी सभाओं, सार्वजनिक बैठक, लाउडिस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध और सभाओं को 5 से कम लोगों तक सीमित रखने को लेकर निर्देश जारी करता है। ईसीआई के अनुसार साइलेंस पीरियड के समय घर-घर जाकर (डोर-टू-डोर) चुनाव प्रचार करने की अनुमित होती है।

हरियाणा में 20 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र
हरियाणा में कुल 20031 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 99 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिसका संचालन पूरी तरह से महिलाएं करेंगी। वहीं 96 मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी युवाओं को और 71 की जिम्मेदारी दिव्यांग कर्मचारियों को दी गई है। हरियाणा में मतदाताओं की बात करें तो यहां कुल 2 करोड़ 76 हजार 768 पंजीकृत वोटर्स हैं। इनमें से 1.6 करोड़ से ज्यादा पुरुष मतदाता, 94 लाख से ज्यादा महिला मतदाता हैं, जबकि ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 467 है।